चरखी दादरी। बिजली के अनियमित कटों से परेशान लोगों का गुस्सा रविवार को फूट पड़ा। किसान नेता राजू मान की अगुवाई में लोगों ने वेयर हाउस गोदाम रोड पर प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने बिजली निगम और सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। आक्रोशित लोगों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे कड़े कदम उठाने को विवश होंगे।
राजू मान ने कहा कि अड़ानी की कंपनी से दीर्धकालीन समझौते के मुताबिक 1424 मेगावाट बिजली 2.94 रुपये के हिसाब से खरीदी जानी थी, लेकिन उससे लेने के बजाय बाहर से करीब 5.75 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली खरीद कर प्रदेश के लोगों पर आर्थिक बोझ लादा जा रहा है, जो असहनीय है। उन्होंने कहा कि इससे बड़ी विडंबना क्या होगी कि एक ओर प्रदेश की जनता बिजली को तरस रही है व दूसरी ओर हमारे यहां से गुजरात को बिजली सप्लाई की जा रही है जो कि सरासर जनता से धोखा है।
राजू मान ने कहा कि हालात इतने गंभीर है कि घरों में लगे इंवर्टर तक जवाब दे चुके हैं। जन जीवन तो प्रभावित है ही, साथ में उद्योग धंधे भी ठप पड़े हैं और किसान बिजाई को लेकर परेशान हैं। इस मौके पर रिटायर्ड कर्मचारी संघ के प्रधान मास्टर प्रताप सांगवान, पूर्व कर्मचारी नेता अत्तर सिंह, अनीता सांगवान, ओमपति, सुशीला, सुमेधा, पुष्पा, संतोष, सुमित्रा, भानमति, सुनीता, सोनाबाई, सुमित्रा शर्मा, संजू, सीमा, शांति देवी, ललिता सांगवान, विद्या देवी, मंजू, प्रमिला, अजीत सिंह, संदीप, विजय, कृष्ण कुमार, अनुज, रणसिंह लांबा व गौरव श्योराण आदि मौजूद रहे।