फोटो-13 जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय में एक्सईएन को ज्ञापन सौंपते हुए एमसी कालोनी के लोग।
- फोटो : CharkhiDadri
चरखी दादरी। एमसी कॉलोनी में कई माह से पेयजल और सीवरेज की समस्या बनी हुई है। कई बार शिकायतों के बाद भी समाधान नहीं होने पर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के निदान के लिए शुक्रवार को एमसी कॉलोनी के लोगों का एक शिष्टमंडल जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता से मिला और लिखित शिकायत सौंपी।
शिष्टमंडल का प्रतिनिधित्व करते हुए पूर्व विधायक रणबीर मंदौला ने कार्यकारी अभियंता को बताया कि कॉलोनी में यह समस्या कई माह से बनी हुई है। सीवर ठप होने से सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। कॉलोनी में कई स्थानों पर सीवर का पानी भरा है। इससे बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। पेयजल की नियमित आपूर्ति न होने से भी लोग परेशान हैं। लोगों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकने पर मजबूर होना पड़ रहा है।
एक्सईएन ने दो दिन में समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। एक्सईएन से मुलाकात के बाद कॉलोनी के लोगों ने बैठक की। बैठक में निरंजन देशवाल ने कहा यदि दो दिन में समस्या हल नहीं किया गया तो ठोस कदम उठाए जाएंगे। इस अवसर पर पूर्व विधायक रणबीर मंदौला, पूर्व शिक्षा अधिकारी रामपाल सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह, वेदपाल ठेकेदार, सतपाल मैनेजर, शेर सिंह देशवाल, जगबीर मैनेजर, कप्तान रत्न सिंह, सतबीर शास्त्री, दलबीर सांगवान, रविंद्र शर्मा सतीश शर्मा, मास्टर दलीप डागर, उमराव, विजय चौहान, विनोद कुमार, शमशेर मान आदि मौजूद रहे।