चरखी दादरी। वार्ड-21 में एक साल पहले पोल से गिरा ट्रांसफार्मर अब तक स्थानांतरित नहीं कराया गया है। ऐसे में यहां हादसों की आशंका बनी हुई है। शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं होने पर शुक्रवार को वार्ड 21 के लोगों में रोष फैल गया और लोगाें ने बिजली निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन करते हुए लोगों ने जिला प्रशासन से समस्या के समाधान की मांग की है।
प्रदर्शन करते हुए वार्ड 21 के रमेश, रामकुमार, सतीश, रामजस ने बताया कि पूर्व पार्षद रामनिवास वाली गली में बिजली ट्रांसफार्मर पोल पर रखा था। करीब एक साल पहले ट्रैक्टर की टक्कर से ट्रांसफार्मर पोल से जमीन पर गिर पड़ा। ट्रांसफार्मर गिरने की जानकारी बिजली निगम के अधिकारियों को दी गई। सूचना पर बिजली निगम की टीम मौके पर पहुंची लेकिन जमीन पर रखे ट्रांसफार्मर को उठाकर पोल पर नहीं रखा गया।
तकरीबन एक साल से ट्रांसफार्मर जमीन पर रखकर ही बिजली आपूर्ति की जा रही है। इस कारण हादसे की आशंका बनी रहती है। इसके साथ ही ट्रांसफार्मर जमीन पर रखा होने के कारण वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वार्ड के श्योकरण, मनजीत, रामेशर, प्रदीप, राजबीर, विकास, हरज्ञान, धर्मबीर, राजेश, रतन सिंह, राजपाल, महेश, सरजीत, प्रकाश, राजदीप, राहुल, सुकेश, विरेन, राजू, धर्मेंद्र आदि ने बिजली निगम पर समस्या की अनदेखी का आरोप लगाया।
उन्होंने मांग की कि बिजली निगम को जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर को पोल पर शिफ्ट कराना चाहिए। उन्होंने बताया कि जमीन से ट्रांसफार्मर उठवाने के लिए वे निगम को लिखित में भी शिकायत दे चुके हैं। इसके बावजूद इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
............................
लोग बोले: हमें हादसों का डर, बिजली निगम बेखबर
- बिजली निगम के अधिकारियों ने अब तक ट्रांसफार्मर को पोल पर शिफ्ट नहीं कराया है। सर्दियों के मौसम में गली में रखा ट्रांसफार्मर हादसे का कारण बन सकता है।
हरज्ञान
- पिछले करीब एक साल से ट्रांसफार्मर जमीन पर रखा है। इसके चलते लोगों में हादसे होने का भय है। दूसरी ओर बिजली निगम के अधिकारी इससे बेखबर हैं।
राजेश
- बिजली निगम के अधिकारियों को हादसे का अंदेशा और लोगों की परेशानियों को देखते हुए तुरंत प्रभाव से ट्रांसफार्मर को पोल पर रखवाना चाहिए। इसके चलते कभी भी कोई हादसा हो सकता है।
रणधीर
- यह ट्रांसफार्मर ट्रैक्टर की टक्कर लगने पर पोल से नीचे गिर गया था। इसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने बिजली आपूर्ति को चालू कर दिया लेकिन ट्रांसफार्मर का जस का तस जमीन पर छोड़ दिया गया।
सोमबीर
वार्ड 21 में शुक्रवार सुबह टीम भेज दूंगा और यदि ट्रांसफार्मर जमीन पर रखा मिला तो इसे तुरंत पोल पर शिफ्ट करवा दिया जाएगा।
प्रदीप सोनी, एसडीओ, बिजली निगम