मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा बैठक लेतीं उपायुक्त मनदीप कौर व मौजूद अधिकारी।
चरखी दादरी। लंबित सीएम घोषणाओं पर कार्य शुरू करवाने के लिए जल्द से जल्द प्रशासनिक व विभागीय औपचारिकताएं पूरी करवाई जाएं। साथ ही सीएम घोषणाओं से संबंधित पोर्टल पर भी अपनी प्रगति को अपडेट करवाना सुनिश्चित करें। सीएम घोषणाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा को लेकर आयोजित बैठक में उपायुक्त मनदीप कौर ने ये निर्देश दिए।
बैठक के दौरान उन्होंने मार्केटिंग बोर्ड, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, जनस्वास्थ्य, स्वास्थ्य विभाग, रोडवेज, शहरी स्थानीय निकाय आदि विभागों के अधिकारियों के साथ सीएम घोषणाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित घोषणाओं की औपचारिकताएं पूरी करवाएं ताकि उन पर शीघ्र कार्य शुरू हो सके। यदि किसी परियोजना के लिए दूसरे विभाग से जमीन ट्रांसफर होनी है तो उसकी जरूरी औपचारिकताएं भी शीघ्र पूरी करें। इसके साथ जिन परियोजनाओं पर निर्माण कार्य चल रहा है, उनको गति प्रदान कर अतिशीघ्र पूरा करवाएं। उन्होंने अधिकारियों को ये भी निर्देश दिए कि वे सीएम घोषणाओं से संबंधित पोर्टल को भी अपडेट रखें।
उन्होंने कहा कि सीएम घोषणाओं को लेकर कार्यालय अध्यक्ष स्वयं गंभीरता दिखाते हुए काम करें और दैनिक तौर पर प्रगति पर नजर रखें। मुख्यालय में कोई मामला लंबित है तो उसको लेकर भी उच्च अधिकारियों से संपर्क करें और जरूरी स्वीकृति लें। किसी भी कारण से से जिला स्तर पर कोई भी सीएम घोषणा लंबित नहीं होनी चाहिए। जिला स्तर की औपचारिकताएं पूरी करने में देरी न की जाए।
- बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त डाॅ. जयेंद्र सिंह, सीटीएम आशीष सांगवान सहित जनस्वास्थ्य, खेल, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, सिंचाई, शिक्षा व पशुपालन आदि विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।