चरखी दादरी। लोकनिर्माण विभाग की दादरी डिविजन ने सड़कों पर आवागमन सुगम बनाने के लिए 250 करोड़ रुपये की परियोजनाएं तैयार की हैं। इस तहत रोहतक रोड और चिड़िया सड़क 10 मीटर तक चौड़ी होगी।
दादरी शहर से रोहतक रोड तक का मार्ग का सुधार करने के लिए लोकनिर्माण विभाग ने 125 करोड़ का प्रोजेक्ट बनाया है। खैरड़ी मोड़ से दादरी शहर तक इस सड़क को 10 मीटर चौड़ा किया जाएगा। इस मार्ग पर जहां मिसरी, सांवड़, सांजरवास, बौंद कलां गांव आते हैं, उस क्षेत्र को फोरलेन बनाया जाएगा। भवन एवं मार्ग मंडल के कार्यकारी अभियंता सोमबीर दहिया ने बताया कि बौंदकलां से आगे 152-डी राष्ट्रीय राजमार्ग बनकर तैयार हो रहा है और यही से इस रोड पर वाहनों के चढ़ने व उतरने का रास्ता बनाया है। इसी प्रकार चिडिय़ा रोड को भी सात से बढ़ाकर 10 मीटर चौड़ा करने की योजना है। दहिया ने बताया कि शहर के चिड़िया मोड़ से आगे तीन किलोमीटर की सड़क को फोरलेन बनाया जाएगा। इस रोड पर जिलास्तरीय लघु सचिवालय बनाया जा रहा है। इस रोड के सुधारीकरण पर 65 करोड़ की राशि खर्च की जाएगी।
महेंद्रगढ़ रोड पर खर्च होंगे 35 करोड़
दादरी के रावलधी बाइपास से शहर के लोहारू रोड से होते हुए कलियाणा व घसौला गांव से महेंद्रगढ़ रोड तक 35 करोड़ की लागत से सड़क बनाए जाने का प्रारूप बनाया गया है। इसके लिए सिंचाई विभाग को एनओसी देनी है और इस संदर्भ में सक्षम अधिकारी को पत्र भिजवा दिया गया है।
लोहारू रोड तक बनाई जाएगी सड़क
कार्यकारी अभियंता ने बताया कि 26 करोड़ की लागत से दादरी शहर के भिवानी रोड पर बेकार पड़ी माइनर से आगे लोहारू रोड तक सड़क बनाई जाएगी। इसके लिए भी सिंचाई विभाग से अनापत्ति प्रमाण-पत्र दिए जाने की अपील की है।