चरखी दादरी। जनता पीजी कॉलेज में नए शैक्षिक सत्र के लिए नौ नवंबर को एनसीसी प्रथम वर्ष में दाखिले होंगे। 11 हरियाणा बटालियन एनसीसी भिवानी से सेना अधिकारी शारीरिक व अन्य परीक्षणों के आधार पर कैडेट्स का चयन करेंगे।
जनता कॉलेज एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट विपिन पाल ने बताया कि बीए, बीएससी व बीकॉम प्रथम वर्ष के विद्यार्थी एनसीसी में दाखिला ले सकते हैं। एनसीसी में दाखिला होने के बाद इन कैडेट्स को तीन वर्ष का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दूसरे वर्ष एनसीसी का बी व तीसरे वर्ष सी प्रमाण पत्र दिया जाएगा, लेकिन इन प्रमाण पत्रों की परीक्षा से पूर्व कैडेट्स को लिखित व अन्य परीक्षाएं पास करनी होंगी। कैडेट्स को इन तीन वर्षों में 10 दिवसीय दो शिविर में भाग लेना जरूरी हैं। इस बार एनसीसी में दाखिलों के लिए कड़ी स्पर्धा होगी।
जिले के एकमात्र सरकारी अनुदान प्राप्त जनता पीजी कॉलेज में 11 हरियाणा एनसीसी बटालियन ने लड़कों की चार प्लाटून में से एक को पिछले दिनों बंद कर दिया है, जिससे कैडटे्स की संख्या 53 कम हो गई है। कॉलेज में 50 सीटें लड़कियों की भी हैं। एनसीसी प्रमाण पत्र के सरकारी नौकरियों खासकर बेल्ट की सर्विस में वैटेज के रूप में अंक मिलते हैं। एनसीसी सी प्रमाण पत्र धारकों को तो सेना में लिखित परीक्षा से भी छूट मिलती है।
एक प्लाटून हो चुकी बंद
कॉलेज में लड़कियों सहित एनसीसी की पांच प्लाटून थी लेकिन अब बटालियन मुख्यालय ने एक प्लाटून को बंद कर दिया है, जिससे 53 सीटें कम हो गई हैं। एक प्लाटून में 53 कैडेट्स होते हैं। इस प्रकार कॉलेज में अब लड़कों की तीन प्लाटून में 159 सीटें बची हैं। लड़कियों की मौजूदा प्लाटून में 50 सीटें हैं। अब सीटें कम होने पर एनसीसी प्रमाण पत्र लेने के इच्छुक विद्यार्थियों को अपना दाखिला करवाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी होगी।
कैडेट्स बनने के इच्छुक युवाओं को गुजरना पड़ेगा इन प्रक्रिया से
एनसीसी में दाखिले के लिए उम्मीदवार से दौड़ भी करवाई जाती है। उसका कद व अन्य शारीरिक फिटनेस की जांच की जाती है। साक्षात्कार प्रक्रिया से भी गुजरना पड़ता है। तब जाकर एनसीसी में दाखिला होता है। हर साल एक सीट पर दाखिले के लिए दो से तीन गुणा तक आवेदन पहुंचते हैं। कॉलेजों में यूजी कोर्स में एडमिशन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब एनसीसी में कैडेट्स चयन की प्रक्रिया नौ नवंबर को पूरी की जाएगी।
दस दिवसीय कैंप हुआ संपन्न
लेफ्टिनेंट विपिन पाल ने बताया कि 30 अक्तूबर को कॉलेज की एनसीसी यूनिट का दस दिवसीय एनसीसी कैंप नीमड़ीवाल में संपन्न हुआ है, जिसमें कैडेट्स को हथियार चलाना, बंदूक को खोलना व बांधना व फायरिंग के अलावा कंपास व सैन्य प्रशिक्षण दिया गया है।
एनसीसी में दाखिले के लिए उम्मीदवार को शारीरिक व अन्य परीक्षणों से गुजरना होगा। सीटों की तुलना में आवेदन कई गुणा ज्यादा पहुंचते हैं। दाखिले पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता से किए जाएंगे। योग्य एवं निर्धारित मापदंडों को पूरा करने वाले उम्मीदवार का ही चयन किया जाएगा।
लेफ्टिनेंट विपिनपाल सिंह, एनसीसी अधिकारी, जनता कॉलेज