चरखी दादरी में दो चालकों को बेवजह अपने वाहन नेशनल हाईवे-152 डी पर बीचोंबीच खड़ा करना भारी पड़ गया। पेट्रोलिंग कर रही झोझूकलां और बौंदकलां थाना पुलिस टीम ने दोनों वाहनों को जब्त कर चालकों के खिलाफ धारा 283 के तहत केस दर्ज कर लिया है।
झोझूकलां थाने के अधीन आने वाले चिड़िया चौकी में तैनात हेड कांस्टेबल अमित के अनुसार उनकी टीम चिड़िया-दातौली रोड पर पेट्रोलिंग कर रही थी। उसी दौरान नेशनल हाईवे-152 डी पर एक ट्रक खड़ा नजर आया। टीम जब ट्रक के पास पहुंची तो उसमें जींद जिले के मनोहरपुर गांव निवासी विरेंद्र मौजूद मिला। विरेंद्र पूछताछ के दौरान नेशनल हाईवे-152 डी के बीच में ट्रक खड़ा करने का संतोषजनक कारण नहीं बता पाया और इसके चलते पुलिस ने उसके वाहन को कब्जे में ले लिया।
वहीं, दूसरे मामले में बौंदकलां थाना पुलिस ने रानीला रेस्ट हाउस क्षेत्र में कार्रवाई की। टीम को यहां हाईवे के बीच में एक कैंटर खड़ा मिला। उसमें सवार महेंद्रगढ़ जिले के गांव सुरेती कलां निवासी चालक मनीराम पुलिस टीम को अपना वाहन खड़ा रखने का कोई ठोस कारण नहीं बता पाया और इसके चलते टीम ने वाहन को जब्त कर मनीराम के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।