चरखी दादरी के गांव पातुवास से ढाणी फौगाट स्थित सरकारी स्कूल में पढ़ाई करने आ रही छात्रा की ऑटो पलटने से मौत हो गई। ऑटो में सवार चार अन्य छात्राएं व चालक घायल हो गए। राहगीरों ने ऑटो से घायलों को निकालकर उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार गांव पातुवास से पांच छात्राएं ऑटो में सवार होकर ढाणी फौगाट आ रही थी। जैसे ही ऑटो गांव पातुवास से निकला तो अन्य वाहन को साइड देने के चक्कर में ऑटो पलट गया। जिससे ऑटो में सवार पांच छात्राएं और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लगाया गया। जिसमें 9वीं कक्षा की छात्रा नेहा को जांच के बाद चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं 4 अन्य छात्राओं व चालक का उपचार किया जा रहा है। घायल छात्राओं में दो 10वीं कक्षा की निशा व निकिता, 11वीं कक्षा की महक और 12वीं कक्षा की मुस्कान है।