दुग्ध स्पर्धा का विजेता पशुपालक अपनी भैंस के साथ।
- फोटो : CharkhiDadri
चरखी दादरी। पशुपालन विभाग की ओर से गांव मिसरी में दुग्ध प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें क्षेत्र के सैकड़ों किसान अपने दुधारू पशु लेकर आए। इस मौके खजान नामक किसान की भैंस ने 22.904 किलो दूध देकर बीस हजार रुपये का पुरस्कार प्राप्त किया है।
प्रतियोगिता में राजकीय पशु चिकित्सालय गांव मिसरी के चिकित्सक डॉ. महासिंह ने बताया मुर्राह नस्ल की भैंसों के संरक्षण के लिए गांवों में दुग्ध प्रतियोगिताओं को नियमित रूप से आयोजन किया जा रहा है। इनमें अधिक दूध देने वाली भैंसों के पालक किसानों को प्रोत्साहन राशि देकर पुरस्कृत किया जाता है।
उन्होंने बताया कि सरकार देसी व हरियाणा नस्ल की गाय और मुर्राह भैंसों को सरंक्षण देने के लिए दुग्ध प्रतियोगिताओं को आयोजन करवा रही है। इसके लिए पशुपालक को ऑनलाइन आवेदन करना होता है। इसके बाद नजदीकी पशु अस्पताल या डिस्पेंसरी में गाय या भैंस का दूध रिकार्ड किया जाता है। डॉ. महासिंह ने बताया कि 18 से 22 किलो दूध देने वाली भैंस को 15 हजार रुपये, 22 से 25 किलो दूध देने वाली भैंस को बीस हजार रुपये और 25 किलो से अधिक दूध देने वाली भैंस को तीस हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाता है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा नस्ल की गाय आठ से दस किलो दूध देती है तो दस हजार रुपये, 10 से 12 किलो दूध देने पर 15 हजार रुपये और 12 किलो से अधिक दूध देने पर बीस हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाता है। इसी प्रकार साहीवाल नस्ल की गाय 10 से 12 किलो दूध देने पर दस हजार रुपये, 12 से 15 किलो दूध देने पर 15 हजार रुपये और 15 किलो से ज्यादा दूध देने पर 20 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाता है। इस अवसर पर डॉ. गरिमा चौधरी, पीयूष, सुरेंद्र, राकेश, जगदीश आदि उपस्थित रहे।