जाम के चलते फंसे वाहन कतार में खड़े हुए।
- फोटो : CharkhiDadri
चरखी दादरी/झोझूकलां। शिक्षकों की कमी समेत अन्य समस्याओं को लेकर बलाली आईटीआई के छात्र मंगलवार सुबह आक्रोशित हो गए। उन्होंने समस्याओं को लेकर आदमपुर-झोझूकलां रोड जाम कर दिया। झोझूकलां एसएचओ के समझाने के बाद उन्होंने जाम खोल दिया और इसके बाद ही यहां ट्रैफिक व्यवस्था बहाल हो पाई। वहीं, इससे पहले छात्रों ने प्रशासन के खिलाफ अपने रोष का इजहार नारेबाजी से किया।
विभिन्न समस्याओं को लेकर आईटीआई छात्र मंगलवार सुबह 10:10 पर आदमपुर-झोझूकलां रोड पर उतर आए। उन्होंने मानव शृंखला बनाकर रोड जाम कर दिया और इसके चलते सड़क के दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। इसके दस मिनट बाद ही झोझूकलां थाने से पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने छात्रों की समस्याएं सुनीं। जाम लगाने वाले छात्राओं ने बताया कि आईटीआई में न तो पर्याप्त स्टाफ है और न शिक्षक। इसका असर उनकी पढ़ाई पर पड़ रहा है। उनका कहना है कि लगातार शिक्षकों के तबादले हो रहे हैं जबकि वे कक्षाओं में खाली बैठने को विवश हैं। एसएचओ के समझाने के बाद साढ़े 10 बजे विद्यार्थियों ने जाम खोल दिया और 10:40 तक सभी अपनी कक्षाओं में चले गए। वहीं, दूसरी ओर ट्रैफिक व्यवस्था बहाल करवाने के बाद पुलिस टीम लौट आई।
- अगस्त में होनी है परीक्षा, कैसे करें तैयारी
छात्र सुमित, ललित, सचिन, अंकित और मन्नू ने बताया कि अगस्त माह से उनकी परीक्षा शुरू होने वाली हैं। अगर इसी तरह के हालात बने रहे तो वो परीक्षा के अंदर फेल हो जाएंगे। इसके अलावा छात्रों का आरोप है कि उनके इंचार्ज उनकी फीस जमा नहीं कर रहे हैं।
सड़क पर जाम लगाए हुए बलाली आईटीआई के छात्र।- फोटो : CharkhiDadri