चरखी दादरी के खेड़ी सनवाल निवासी आईटीबीपी जवान ने अपनी मां पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। पीजीआई में उपचाराधीन महिला के बयान पर सदर थाना पुलिस ने आरोपी बेटे के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दिए बयान में खेड़ी सनवाल निवासी सुमित्रा ने बताया कि उसके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा विकास आईटीबीपी जवान है। वो जब भी छुट्टी आता है, उसके साथ और अपने छोटे भाई के साथ झगड़ा करता है।
महिला ने बताया कि इस बार विकास जब छुट्टी आया तो उसने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। उसकी पुत्रवधु और पड़ोसी ने उसे छुड़वाया। घायल महिला का आरोप है कि बेटे ने उसे धमकी भी दी। इसके बाद उसका छोटा बेटा अनूप घर पहुंचा और उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल ले गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। जांच अधिकारी महिला हेड कांस्टेबल रोशनी ने बताया कि इस संबंध में सुमित्रा के बयान पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।