चरखा दादरी। प्यार के चक्कर में पड़कर वार्ड-19 निवासी आरती ने बड़े बेटे की हत्या कर न केवल ममत्व को शर्मसार किया, बल्कि अपना घर भी उजाड़ लिया। करीब तीन साल पहले अपने तीसरे पति से अलग होकर आरती एमसी कॉलोनी निवासी यासिफ उर्फ आसिफ के संपर्क में आई और दोनों में अवैध संबंध तक बन गए। बड़े बेटे पुष्प उर्फ ऋषि ने जब इसका विरोध किया तो आरती ने प्रेमी आसिफ और आसिफ के चचेरे भाई अलमान के साथ मिलकर बेटे को ही रास्ते से हटाने की योजना बनाई। 21 मार्च को मौका पाकर उन्होंने दोपहर के समय ही हत्याकांड को अंजाम दे दिया।
डीएसपी बली सिंह ने बताया कि पुष्प उर्फ ऋषि की हत्या तीनों ने घर पर ही की। हत्याकांड को पुष्प के सिर पर डंडे से प्रहार कर अंजाम दिया गया। इसके बाद सबूत मिटाने के लिए उन्होंने शव को रावलधी-भिवानी लिंकमार्ग स्थित एक खेत में ले जाकर जला दिया। वहां झोपड़ी बनाकर रह रहे एक व्यक्ति ने शव देख लिया और इसके बाद ही पुलिस को इसकी जानकारी लगी।
डीएसपी ने बताया कि आरती की वार्ड-19 निवासी गौरव से तीसरी शादी है। पहली शादी उसकी हांसी में हुई थी और बड़ा बेटा पुष्प उसके पहले पति की संतान है। पहले पति से तलाक लेने के बाद आरती से गौरव के भाई से शादी की और उससे अनबन रहने पर करीब 11 साल पहले गौरव से तीसरी शादी कर ली। पिछले करीब तीन सालों से गौरव व आरती के बीच अनबन चल रही है। फिलहाल गौरव रोहतक में रह रहा था जबकि आरती दोनों बच्चों के साथ दादरी रह रही थी। इस दौरान उसके प्रेमी आसिफ का घर आना-जाना रहता था और यह बात बड़े बेटे पुष्प को अखरती थी। इसके चलते उसने आसिफ और आरती के अवैध संबंधों पर ऐतराज जताया था। बेटे की इस बात से खफा होकर आरती ने प्रेमी के साथ मिलकर बेटे को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और हत्या के दिन आसिफ के चचेरे भाई को दादरी बुलाया गया। आरोपी महिला एमए बीएड है और दादरी में ब्यूटी पार्लर चलाती है। पुलिस ने आरती की निशानदेही पर शव को ठिकाने लगाने के लिए प्रयोग की गई स्कूटी भी बरामद कर ली है।
- कट्टे में शव डालने के बाद ऊपर से लपेटा कंबल
तीनों आरोपियों ने पुष्प के सिर में डंडे से वार कर हत्या की और इसके बाद शव को एक प्लास्टिक के कट्टे में डाल दिया। फिर उस कट्टे के ऊपर कंबल ढक दिया और स्कूटी पर ले जाकर शव को खेत में डाल दिया। खेत में शव डालने के बाद उन्होंने आग लगा दी और वहां से वापस घर आ गए।
- हत्या के अगले दिन पति गौरव के साथ पहुंची बेटे के शव की शिनाख्त करने
बेटे पुष्प की हत्या करने के बाद आरती ने पति गौरव को उसके गुमशुदा होने की बात कही। इसके बाद गौरव दादरी पहुंचा और पुलिस से संपर्क किया। वहीं, डेडबॉडी को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई ले जाते समय से रावलधी चौक पर पहुंचकर आरती ने अपने पति गौरव के साथ शव की शिनाख्त बेटे पुष्प के रूप में की।
- आरोपी महिला 38 तो प्रेमी है 25 साल का
सीआईए प्रभारी दिलबाग सिंह ने बताया कि आरोपी महिला आरती की उम्र करीब 38 साल है जबकि उसके प्रेमी आसिफ की उम्र करीब 25 वर्ष है। हत्याकांड का तीसरा आरोपी अलमान 18 साल का है। आरती ने गौरव से तलाक लिए बिना ही अपने से करीब 13 साल छोटे युवक के साथ अवैध संबंध बनाए और वो दोनों करीब तीन साल पहले एक-दूसरे के संपर्क में आए थे।
- प्रेम-प्रसंग में पड़कर तीन साल के अंदर तीन महिलाएं अपनों की ही कर चुकीं हत्या
जिले में पिछले तीन सालों के अंदर हुए हत्याकांडों में से तीन में महिलाएं संलिप्त पाई गई हैं। करीब दो माह पहले बाढड़ा क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने सैनिक पति की हत्या की थी। उससे पहले दादरी क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतारा था। अब सामने आए तीसरे मामले में महिला ने अपने बेटे को ही मौत के घाट उतार दिया। अहम बात यह है कि तीनों हत्याकांड को प्रेम-प्रसंग के चलते अंजाम दिया गया।
वर्जन
आरोपी आरती, उसके प्रेमी आसिफ व आरोपी युवक के चचेरे भाई अलमान को एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। रिमांड अवधि के दौरान वारदात को लेकर गहनता से पूछताछ की जाएगी। आरोपियों की निशानदेही पर शव ठिकाने लगाने में प्रयोग की गई स्कूटी हमने बरामद कर ली है।
दिलबाग सिंह, प्रभारी, सीआईए।