चरखी दादरी। शहर के घिकाड़ा मोड़ से लेकर मध-माधवी तक पीडब्ल्यूडी ने आठ करोड़ की लागत से सड़क का निर्माण करवाया है। शहरी क्षेत्र में करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क बनाई गई है और सड़क के पुनर्निर्माण से 21 सीवर मैनहोल का लेवल करीब आधा फुट नीचे चला गया है। इसके चलते एक तरफ वाहन चालकों को परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं तो दूसरी ओर उनके जहन में हादसों का अंदेशा भी बना हुआ है। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों का तर्क है कि सीवर मैनहोल ढक्कनों का लेवल ठीक करने के लिए वो जनस्वास्थ्य विभाग को पत्र लिख चुके हैं।
घिकाड़ा रोड पिछले करीब दो सालों से जर्जर था और छह माह पहले पीडब्ल्यूडी ने इसके पुनर्निर्माण की योजना तैयार की थी। इसके लिए आठ करोड़ का एस्टिमेट तैयार कर सरकार के पास भेजा गया था और मंजूरी मिलते ही पीडब्ल्यूडी ने करीब दो माह पहले सड़क का निर्माण कार्य शुरू करवाया था। हाल ही में सड़क का निर्माण कार्य पूरा किया गया है। यह सड़क पांच गांवों घिकाड़ा, साहुवास, फतेहगढ़ व मध-माधवी को दादरी मुख्यालय से जुड़ाव करती है। सड़क का डेढ़ किलोमीटर का हिस्सा शहरी क्षेत्र में आता है।
करीब एक सप्ताह पहले ही शहरी क्षेत्र का डेढ़ किलोमीटर लंबे टुकड़े का निर्माण पीडब्ल्यूडी की ओर से करवाया गया है। सड़क के पुनर्निर्माण के बाद सभी सीवर मैनहोल का लेवल करीब आधा फुट नीचे चला गया। इसके चलते स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने शुक्रवार को रोष जताया और विभागीय अधिकारियों से मैनहोल का लेवल दुरुस्त करवाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि एक सप्ताह में तीन वाहन चालक यहां संतुलन खोकर घायल हो चुके हैं।
कट मारने के प्रयास में गिरते हैं वाहन चालक -
दुकानदार रोशन, मंजीत, महेंद्र, सुशील, प्रदीप, राजबीर, राकेश, दीपक, सतीश, पवन, राजकुमार, रामकुमार, दीपचंद, अजीत ने बताया कि विभाग को सीवर मैनहोल का लेवल सड़क के बराबर करना चाहिए। दूर से दुपहिया वाहन चालक को सड़क से नीचे पड़ा सीवर मैनहोल का लेवल नजर नहीं आता और पास आने पर कट मारने के प्रयास में वो संतुलन खोकर घायल हो जाते हैं।
प्रतिदिन गुजरते हैं तीन हजार वाहन -
घिकाड़ा रोड से प्रतिदिन करीब तीन हजार वाहन गुजरते हैं। इस मार्ग के जरिये पांच गांवों के लोग जिला मुख्यालय पहुंचते हैं, जबकि रावलधी लिंकमार्ग के जरिये यह रोड रोहतक, दिल्ली और भिवानी रोड से भी शहर का जुड़ाव करता है। ऐसे में सीवर मैनहोल का लेवल नीचे जाने से प्रतिदिन सैकड़ों लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वर्जन
सड़क पर बने मैनहोल का लेवल दुरुस्त करने के लिए हमने जन स्वास्थ्य विभाग को पत्र लिख दिया है। उन्होंने जल्द ही लेवल ठीक करने का आश्वासन दिया है।
- सोमबीर सिंह, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी।