आईएमए प्रधान डॉ. दीपक गुप्ता को बनाया स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर
स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 के मद्देनजर नगर परिषद ने तैयारियां कीं शुरू, स्वच्छता संबंधी सर्वश्रेष्ठ सुझाव देने वालों को मिलेगा सम्मान
चरखी दादरी। स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 के मद्देनजर शहरवासियों को जागरूक करने व सफाई व्यवस्था को और बेहतर करने के लिए नगर परिषद ने आईएमए प्रधान डॉ. दीपक गुप्ता को ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है। नप सचिव प्रशांत पाराशर ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि डॉ. दीपक गुप्ता स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर करने के लिए नप अधिकारियों के साथ बैठक कर एक्शन प्लान तैयार करेंगे। इसके अलावा ब्रांड एंबेसडर डॉ. गुप्ता हर वार्ड के नागरिकों के साथ दो-दो बैठक भी करेंगे।
सचिव ने बताया कि बैठक के दौरान स्वच्छता मुहिम के ब्रांड एंबेसडर लोगों को घर पर ही कचरे का अलग-अलग निस्तारण करना, स्वच्छता एप का महत्व बताना, लोगों से सार्वजनिक शौचालयों का फीडबैक लेने का कार्य भी करेंगे। उन्होंने बताया कि शहर को बेहतर रैंक दिलाने के लिए नगर परिषद की ओर से भी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि लोगों को घर पर दो कूड़ेदान रखकर कचरे को अलग-अलग निस्तारित करने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं जिले के कोरोना नोडल अधिकारी डी. सुरेश ने भी कोरोना काल में आईएमए के प्रयासों की सराहना की है और विभिन्न पहलुओं के मद्देनजर आईएमए प्रधान को स्वच्छता का ब्रांड एंबेसडर बनाने का निर्णय लिया गया। सचिव और नप कर्मचारियों ने डॉ. दीपक गुप्ता की नियुक्ति पर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
स्वच्छ टेक्नालॉजी स्पर्धा भी होगा आयोजित
सचिव प्रशांत पाराशर ने बताया कि सफाई के प्रति जागरूकता लाने के लिए नगर परिषद की ओर से स्वच्छ टेक्नालॉजी चैलेंज भी आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा। इसके अंतर्गत यदि कोई छात्र, विद्यालय, कॉलेज, नागरिक, संस्था या एनजीओ कचरा प्रबंधन से संबंधित किसी नई व आसान टेक्नोलॉजी या मोबाइल एप तैयार कर 31 दिसंर तक नगर परिषद कार्यालय में प्रस्तुत कर सकता है। इसके परिणाम 15 जनवरी को घोषित किए जाएंगे और इसके विजेताओं को भी सम्मानित किया जाएगा।