चरखी दादरी। जिन स्कूलों में प्राइमरी में 40, मिडिल एवं सेकेंडरी में विद्यार्थियों की संख्या 75 तक बढ़ाई गई है, उन स्कूल मुखियाओं को डीसी या एडीसी की ओर से सम्मानित किया जाएगा। सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 150 और मॉडल संस्कृति स्कूल में 250 विद्यार्थी बढ़ाने वाले हेड मास्टर एवं प्राचार्य को भी यह पुरस्कार मिलेगा। ऐसे स्कूलों की सूची तैयार करने के लिए शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों से छात्र संख्या का ब्योरा मांगा है। जल्द ही सम्मान समारोह आयोजित होने की उम्मीद है।
जिले में 365 प्राइमरी, मिडल, हाई व सीनियर सेकेंडरी स्कूल के अलावा 23 संस्कृति स्कूल हैं। अब ऐसे स्कूलों से सरकार ने छात्र संख्या का विवरण मांगा है। शिक्षा के स्तर में सुधार के लिए शिक्षा विभाग प्रयास कर रहा है। इस शैक्षणिक सत्र में सरकारी स्कूलों में जिला में छात्रों की संख्या 7510 बढ़ी है। मॉडल संस्कृति स्कूल भी शुरू किए गए हैं। इन स्कूलों में कौशलपूर्ण अध्यापकों की तैनाती की जानी है। इन अध्यापकों की तैनाती भी स्क्रीनिंग एवं साक्षात्कार प्रक्रिया के तहत की जानी है ताकि बेस्ट टीचर को इन संस्कृति स्कूलों में तैनात किया जा सके।
कोरोना महामारी के दौरान सरकारी स्कूलों में छात्रों की संख्या बढ़ी है। वैसे अब पिछले तीन चार सालों से सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की शिक्षण के प्रति लग्न भी देखने में आ रही है। एचटेट परीक्षा पास शिक्षकों की अपने विषय के प्रति बढ़िया पकड़ भी है ऐसे में परीक्षा परिणाम में भी सुधार आया है। स्कूलों में इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी ध्यान दिया जा रहा है। अब सरकार उन स्कूल मुखियाओं को सम्मानित करेगी, जिनमें इस शैक्षणिक सत्र में छात्रों की संख्या बढ़ी है। जिन स्कूलों ने धरातल पर काम कर छात्रों की संख्या बढ़ाई है उनका छात्र डाटा शिक्षा विभाग की ओर से स्कूलों से मांगा गया है। इस डाटा के आधार पर इन स्कूलों का सम्मान के लिए चयन किया जाएगा।
यह रहेगा मापदंड
जिन प्राइमरी स्कूलों में 40 विद्यार्थी बढ़ाए गए हैं उनको इस सम्मान की श्रेणी में लिया जाएगा। इसी प्रकार मिडिल व हाई स्कूल में 75, सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 150 और मॉडल संस्कृति स्कूल में 250 की संख्या बढ़ाने पर इन स्कूल मुखियाओं को डीसी या एडीसी की ओर से सम्मानित किया जाएगा। सम्मान के लिए तिथि बाद में तय की जाएगी। इन स्कूलों से छात्रों की संख्या का विवरण मांगा गया है।
पिछले साल 35091 थी छात्र संख्या
जिले में मौजूदा शैक्षिक सत्र में सरकारी स्कूलों में छात्र संख्या 7510 बढ़ी है। शिक्षा विभाग के पास इस समय 2500 शिक्षक है। ऐसे में छात्र संख्या बढ़ने पर 185 शिक्षकों की और जरूरत है। नए सत्र में छात्र संख्या 42601 पहुंच गई है, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 35091 थी।
जिन स्कूलों ने छात्रों की संख्या बढ़ाई है उनको यह सम्मान मिलेगा। इसके लिए स्कूलों से छात्र संख्या मांगी जा रही है। जैसे ही विवरण उपलब्ध हो जाता है अगली प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। स्कूलों में इस बार खासी संख्या बढ़ी है।
-जलधीर सिंह कलकल, खंड शिक्षा अधिकारी