बाढड़ा। डीएसपी देशराज सिंह ने रविवार को बाढड़ा व झोझू कलां पुलिस थानों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस कर्मचारियों की बैठक भी ली, जिसमें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। डीएसपी देशराज ने कहा कि पुलिस के पास आने वाली हर शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जाए। कस्बे के अलावा गांवों में भी रात्रि गश्त बढ़ाई जाए। उन्होंने चोरी और छेड़छाड़ के मामलों में त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को पकड़ने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए। कोताही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीएसपी ने कहा कि दुकानदारों को चाहिए कि वो बाजारों में चौकीदार रखने के साथ प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगवाएं। रात को बाजारों में चौकीदार तैनात होंगे तो इससे चोरी की वारदातों पर रोक लगेगी। उन्होंने संदिग्ध व्यक्ति के बारे में तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील भी की है। इस मौके पर थाना प्रभारी चंद्रशेखर, झोझू थाना प्रभारी बलबीर सिंह, एएसआई पवन, एएसआई अनिल कुमार, पीएसआई संदीप, एसआई जयबीर सिंह, हेड कांस्टेबल कृष्ण कुमार, आनंद व संजय आदि मौजूद रहे।