ठप सीवर व्यवस्था से परेशान दुकानदारों ने पंपिंग स्टेशन को जड़ा ताला, सड़क पर दिया धरना
दुकानदारों ने मौके पर पहुंचे जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को समाधान के लिए दिया दो दिन का समय, फिर दिल्ली-महेंद्रगढ़ मुख्यमार्ग पर जाम लगाने की चेतावनी
सीवर लाइन ओवरफ्लो होने से सड़क पर दुकानों के आगे भरा दूषित पानी, चार साल से झेल रहे समस्या का दंश
चरखी दादरी। बेपटरी सीवर व्यवस्था से खफा कॉलेज रोड के दुकानदारों ने शुक्रवार सुबह जनस्वास्थ्य विभाग के पंपिंग स्टेशन को ताला जड़ दिया। इसके बाद दुकानदारों ने सड़क पर ही धरना शुरू कर दिया। करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचे जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ और जेई ने उन्हें जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इस पर दुकानदारों ने अधिकारियों को दो दिन का अल्टीमेटम दिया और इसके बाद दिल्ली-महेंद्रगढ़ मुख्यमार्ग पर जाम लगाने की चेतावनी दी। करीब तीन घंटे बाद दुकानदारों ने पंपिंग स्टेशन का ताला खोल धरना भी खत्म कर दिया।
ढाणी फाटक ओवरब्रिज के सर्विस लेन पर पिछले करीब चार सालों से सीवर व्यवस्था बेपटरी है और 50 से अधिक दुकानदारों के अलावा यहां से प्रतिदिन गुजरने वाले सैंकड़ों वाहन चालकों व राहगीरों को परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। शुक्रवार सुबह यहां सीवर लाइन ओवरफ्लो कर गई। जिसके चलते करीब सड़क पर काफी दूरी तक एक से डेढ़ फुट दूषित पानी भर गया। सुबह दुकानदार जब दुकानों पर पहुंचे तो दूषित पानी भरा देखकर भड़क गए। सुबह नौ बजे पहले दुकानदार एकत्र हुए और इसके बाद समीप बने पंपिंग स्टेशन पर पहुंचकर गेट को ताला जड़ दिया। इस दौरान दुकानदारों ने जिला प्रशासन और जनस्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी भी की। दुकानदार सर्विस लेन पर ही दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए।
करीब 10 बजे एसडीओ जगदीश कुमार और जेई अरुण कुमार मौके पर पहुंचे। वो करीब पांच मिनट तक दुकानदारों के पास रुके और उस दौरान उन्होंने जल्द समाधान करवाने का आश्वासन देते हुए पंपिंग स्टेशन पर लगा ताला खोलने की मांग की। इस पर दुकानदारों ने दो-टूक कहा कि अगर आपने दो दिन के अंदर समस्या का स्थायी समाधान नहीं करवाया तो इस बार दुकानदार शहरवासियों के साथ मिलकर दिल्ली-महेंद्रगढ़ मुख्यमार्ग जाम कर देंगे और इसकी जिम्मेदारी विभाग की होगी। अधिकारियों के सकारात्मक आश्वासन देने के करीब तीन घंटे बाद दुकानदारों ने बूस्टिंग स्टेशन का ताला खोला और धरना खत्म कर दुकानों पर लौट गए।
चार साल में दीं 20 शिकायतें, नतीजा सिफर
दुकानदार सुरेंद्र, सत्यनारायण, कृष्ण फौगाट, सुरेश, अरविंद, दिनेश, जितेंद्र, ललित, सत्यदेव व सुमेश ने बताया कि यहां सीवर व्यवस्था 2017 से ठप है। करीब चार साल की समयावधि में वो 20 से अधिक शिकायतें विभाग को दे चुके हैं। इसके बाद भी नतीजा सिफर है और दुकानदारों के अलावा राहगीर समस्या का दंश झेल रहे हैं। दुकानदारों ने बताया कि बेपटरी सीवर व्यवस्था के चलते सड़क जर्जर हो चुकी है और गहरे गड्ढे बनने से दस से अधिक दुपहिया वाहन चालक घायल हो चुके हैं।
शुक्रवार सुबह सर्विस लेन पर फंसी तूड़े से भरी ट्रॉली, आवागमन रहा प्रभावित
आरओबी के सर्विस लेन पर शुक्रवार को एक तूड़े से भरी ट्रॉली भी फंस गई। यहां से गुजरते समय ट्रॉली का टायर गड्ढे में चला गया। जिसके चलते तूड़े से भरी ट्रॉली आरओबी की दीवार की तरफ पलट गई। ट्रॉली पलटने के कारण एकतरफ के सर्विस लेन पर दोपहर बाद तक वाहनों का आवागमन प्रभावित रहा। वहीं, दूसरे सर्विस लेन पर दोनों तरफ से वाहन आने के चलते जाम की समस्या बनी रही।
20 फीसदी भी नहीं बची ग्राहकी, हमें दुकानें करनी पड़ेंगी बंद
स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि पिछले चार साल से वो समस्या का दंश झेल रहे हैं। कई दफा शिकायत करने के बाद भी हालात नहीं बदले हैं। दुकानदारों ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले एक्सईएन के अलावा एसई और डीसी भी यहां का निरीक्षण कर चुके हैं, लेकिन इसके बाद भी हालात नहीं बदले हैं। दुकानदारों का कहना है कि चार साल पहले के मुकाबले अब ग्राहकी 20 फीसदी भी नहीं बची है और ऐसा ही रहा तो उन्हें जल्द दुकानें ही बंद करनी पड़ेंगी।
---
वर्जन::
इसकी सूचना मिलते ही मैंने टीम को मौके पर भेज दिया था। प्राथमिकता से इस समस्या का हम समाधान करवाएंगे और मैंने टीम को इस संबंध में निर्देश दे दिए हैं।
दलबीर सिंह दलाल, एक्सईएन, जनस्वास्थ्य विभाग
---