चरखी दादरी। जिले में डेंगू के डंक का प्रकोप बना हुआ है। रविवार को 10 लोग डेंगू पीड़ित मिले हैं। इसके साथ ही इस साल पीड़ितों की संख्या 277 पहुंच गई है। एडिज मच्छर इस बार पिछले वर्ष की तुलना में तीन गुणा तक ज्यादा कहर बरपा रहा है। पिछले साल इस समय तक 105 ही डेंगू पॉजिटिव सामने आए थे।
जिले में इस बार अच्छी बारिश हुई है और हालात ये है कि अनेक कॉलोनियों में अभी भी जलभराव है। इस कारण डेंगू का डंक घातक साबित हो रहा है। जिले में अब तक 277 डेंगू पॉजिटिव सामने आ चुके है। इनमें से 204 केस शहरी क्षेत्र से और 73 मरीज ग्रामीण क्षेत्र से हैं।
पिछले वर्ष अब तक 105 ही डेंगू पॉजिटिव सामने आए थे। पिछले पूरे सीजन में ही 138 डेंगू मरीज थे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से पिछले वर्ष अब तक महज 238 ही सैंपल जांच के लिए लैब भेजे थे और कुल 369 सैंपल की जांच हुई थी। इस वर्ष अब तक 719 सैंपल की जांच हो चुकी है। चिकित्सकों ने मच्छरों की रोकथाम के लिए आसपास पानी जमा नहीं होने देने और जमा पानी में मिट्टी का तेल, काला तेल डालने की हिदायत दी है।