दादरी पुलिस को दी शिकायत में काकड़ोली हुक्मी निवासी ठेकेदार कृष्ण ने बताया कि रविवार शाम को परिवार के सदस्य खाना खाकर अलग-अलग कमरों में सो गए थे। सुबह परिवार जब उठा तो घर में चोरी की वारदात हुई मिली। उन्होंने बताया कि कमरों में सामान बिखरा मिला जबकि अलमारी और संदूक खुली मिली।
चरखी दादरी के बाढड़ा उपमंडल के काकड़ोली हुक्मी गांव में चोरों ने दो मकानों को अपना निशाना बनाकर बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर इन घरों से करीब 45 तोले सोना, 1.300 किलोग्राम चांदी और 1.60 लाख की नकदी ले गए। अहम बात यह है कि घटना के वक्त दोनों घरों में परिवार के सदस्य मौजूद थे। उन्होंने नशीला पदार्थ सुंघाने का अंदेशा जताया है। बाढड़ा थाना पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
काकड़ोली हुक्मी में परिवारों को नशीला पदार्थ सुंघाने का अंदेशा
पुलिस को दी शिकायत में काकड़ोली हुक्मी निवासी ठेकेदार कृष्ण ने बताया कि रविवार शाम को परिवार के सदस्य खाना खाकर अलग-अलग कमरों में सो गए थे। सुबह परिवार जब उठा तो घर में चोरी की वारदात हुई मिली। उन्होंने बताया कि कमरों में सामान बिखरा मिला जबकि अलमारी और संदूक खुली मिली। उन्होंने वहां रखे गहने और नकदी संभाली तो करीब दस हजार की नकदी, 800 ग्राम चांदी के और करीब 25 तोले सोने के गहने चोरी मिले। वहीं, काकड़ोली हुक्मी निवासी जाफर के घर में भी चोरों ने दस्तक दी।
पुलिस और एफएसएल टीम ने लिया वारदात स्थल का जायजा
चोर जाफर के मकान से करीब डेढ़ लाख की नकदी, 20 तोले सोने और 500 ग्राम चांदी के गहने अपने साथ ले गए। जाफर के अनुसार उन्हें भी वारदात की भनक तक नहीं लगी। वहीं, गांव के दो घरों में चोरी होने से काकड़ोली हुक्मी के ग्रामीण दहशत में है। उन्होंने जिला और पुलिस प्रशासन से चोर गिरोह का सुराग लगाकर तुरंत प्रभाव से गिरफ्तार करने की मांग की है। दूसरी ओर वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और दोनों मकान मालिकों की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।