चरखी दादरी के रानीला-भिवानी रूट पर रोडवेज सेवा की कमी से बिफरे छात्र-छात्राओं ने शनिवार सुबह दादरी बस स्टैंड गेट पर हंगामा किया। बस स्टैंड चौकी इंचार्ज और उनकी टीम ने गेट बंद करने के प्रयास को विफल कर दिया और इस दौरान विद्यार्थियों की अगुवाई कर रहे जिला पार्षद मोहित साहू के साथ पुलिस कर्मचारियों की धक्का-मुक्की हुई। इसके बाद विद्यार्थी धरने पर बैठ गए।
इससे पहले बस सेवा की कमी को दूर कराने के उद्देश्य से विभिन्न गांवों के विद्यार्थी वार्ड-एक से जिला पार्षद मोहित साहू की अगुवाई में नगर परिषद कार्यालय में एकत्र हुए। वहां से प्रदर्शन करते हुए बस स्टैंड गेट पर पहुंचे। उनके आकर गेट बंद करने की भनक पहले ही चौकी इंचार्ज को लग गई और वो इससे पुलिस टीम अलर्ट हो गई।
विद्यार्थियों के प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे जिला पार्षद मोहित साहू ने आते ही गेट बंद करने का प्रयास किया, लेकिन चौकी प्रभारी संदीप पिलानिया और उनकी टीम ने ये प्रयास विफल कर दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों ने गेट पर बैठकर 20 मिनट तक बसों का आवागमन ठप रखा। वहीं, बसों को दूसरे गेट से निकलवाया गया।
इन गांवों के विद्यार्थी हैं परेशान
दरअसल, रानीला समेत ऊण, मालपोष, निमड़ी, बौंदकलां, बौंदखुर्द आदि गांवों के 250 से अधिक छात्र-छात्राएं दादरी, भिवानी और रोहतक स्थित विभिन्न शिक्षण संस्थाओं में पढ़ते हैं। वहां तक आने-जाने के लिए बस सुविधा नहीं है जबकि अकेले रानीला गांव में 107 बस पास होल्डर्स हैं। पास बनवाने के बावजूद भी छात्र-छात्राओं को शिक्षण संस्थानों में पहुंचने में दिक्कतें हो रही हैं।
रोडवेज एसआई ने दिया आश्वासन
शनिवार को प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं ने रानीला-भिवानी रूट पर विशेष बस चलाने की मांग की और एसआई बलबीर जाखड़ ने उनके बीच पहुंचकर मंगलवार से बस चलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद छात्र-छात्राएं शांत हुए।
ये रहेगा बस संचालन का रूट
सुबह के समय बस रानीला से चलेगी, जो ऊण, बौंद, निमड़ी, मालपोष और खरक होते हुए भिवानी पहुंचेगी। बस का संचालन विशेष छात्राओं के लिए किया जाएगा। दूसरी ओर रोडवेज विभाग ने हाल ही में छात्राओं के लिए तीन विशेष बसों का संचालन शुरू करने का दावा किया है।
अधिकारी के अनुसार
पुलिस टीम ने बस स्टैंड का गेट बंद नहीं होने दिया। छात्र-छात्राओं और जिला पार्षद कुछ देर बस स्टैंड गेट पर बैठे और इसके बाद बसों को दूसरे गेट से निकलवाया गया। प्रदर्शन से एक भी बस सेवा प्रभावित नहीं हुई है और कुछ देर बाद वो गेट से हट गए।
-संदीप पिलानिया, बस स्टैंड चौकी प्रभारी
छात्र-छात्राओं ने जो रूट बताया है उसी अनुसार मंगलवार से बस का संचालन कर दिया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने इस संबंध में मांगपत्र दिया है। आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शनकारी बस स्टैंड गेट से उठ गए।
-बलबीर जाखड़, सब इंस्पेक्टर, दादरी डिपो।