चरखी दादरी। पांच दिनों से खटीकान मोहल्ले से लापता व्यक्ति का शव मंगलवार सुबह श्यामसर तालाब में मिला है। सिटी थाना में मंगलवार को ही उसकी गुमशुदगी का केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। यहां से शव को पीजीआई रोहतक भेजा गया। शाम करीब साढ़े पांच बजे तक पोस्टमार्टम नहीं हुआ था। थाना प्रभारी जगराम ने बताया कि फिलहाल इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी कि मौत कब और कैसे हुई।
मृतक रमेश की मानसिक हालत ठीक नहीं थी। मंगलवार को पुलिस को सौंपी शिकायत में उसके भाई बिहारी लाल ने बताया था कि रमेश गत 31 मई को सुबह करीब नौ बजे घर से निकला था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। उसकी हर जगह तलाश की गई लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया। पुलिस ने इस शिकायत पर गुमशुदगी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। बुधवार सुबह सिटी थाना पुलिस को सूचना मिली कि श्यामसर तालाब में एक व्यक्ति का शव तैर रहा है। इसके तुरंत बाद एसआई राजबीर को मौके पर भेजा गया। पुलिस टीम ने तालाब पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला। शव का हुलिया व कद-काठी पुलिस को रमेश की तरह लगी। इसके बाद शिनाख्त के लिए उसके परिजनों को भी मौके पर बुलाया गया। परिजनों ने शव रमेश का होने की पुष्टि की। इसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को सिविल अस्पताल भेज दिया। यहां से शव रोहतक पीजीआई भेजा गया। बताया जा रहा है कि रमेश व बिहारी लाल के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है और दोनों भाई ही घर पर रहते थे। रमेश की मानसिक हालत बचपन से ही ठीक नहीं है।
मंगलवार को हमारे पास गुमशुदगी की शिकायत आई थी और तुरंत केस दर्ज कर दिया गया था। फिलहाल पुलिस ने इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है और रमेश का पोस्टमार्टम रोहतक पीजीआई में कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार ही पुलिस आगामी कार्रवाई अमल में लाएगी।
जगराम, सिटी थाना प्रभारी