चरखी दादरी। ओवरलोडिंग मंथली मामले में रोहतक पुलिस द्वारा गिरफ्तार तत्कालीन डीसी अजय तोमर का पीए सुरेश कुमार चार मोबाइल रखता था। ये मोबाइल रोहतक पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। इन्हें जांच के लिए गुरुग्राम लैब भेजा गया है। मोबाइल जांच के दौरान भी मंथली सांठ-गांठ के सबूत पुलिस के हाथ लग सकते हैं। सुरेश से पुलिस ने 19 हजार रुपये की नकदी भी बरामद की है। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश कर 14 दिन के न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इसकी पुष्टि डीएसपी नरेंद्र कादयान ने की है।
डंपर एवं ट्रक ओवरलोडिंग के अवैध वसूली प्रकरण में रोहतक पुलिस द्वारा पकड़े तत्कालीन डीसी के पीए के मोबाइल की जांच के बाद पुलिस के हाथ कई ऐसे सुराग लग सकते हैं। प्रदर्शनकारी खेमा लंबे समय से चल रहे ओवरलोडिंग में करोड़ों का भ्रष्टाचार होने के आरोप भी लगा चुके हैं। डीएसपी नरेंद्र कादयान ने बताया कि पीए सुरेश के पास से पुलिस ने 19 हजार की नकदी बरामद की है और आरोपी को अदालत मेें पेश कर जेल भेज दिया गया है। इस मामले में चार लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
रोहतक पुलिस डीएसपी नरेंद्र कादयान ने बताया कि पुलिस ने मंगलवार को चरखी दादरी के तत्कालीन डीसी के पीए सुरेश कुमार को झज्जर स्थित उसके मकान से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार पीए सुरेश कुमार पिछलेे कई दिनों से अवकाश पर चल रहा था। पुलिस को पुख्ता सुबूत मिलने के बाद सुरेश को झज्जर से पकड़ लिया। डीएसपी नरेंद्र कादयान ने बताया कि पकड़े आरोपी सुरेश कुमार के मोबाइल की डिटेल के आधार पर इस प्रकरण का आगे और खुलासा होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि लैब से जल्द ही रिपोर्ट मांगी गई है। चारों मोबाइलों को आरोपी की निशानदेही पर बरामद किया गया। ओवरलोडिंग मंथली मामले में पुलिस आरटीए सचिव द्वारका प्रसाद को भी जांच में शामिल कर सकती है। सूत्रों की मानें तो इस समय वे एक अस्पताल में भर्ती हैं। डीएसपी नरेंद्र कुमार ने बताया कि आरटीए सचिव किडनी की बीमारी से ग्रस्त हैं। उनके स्वस्थ होने के बाद उन्हें जांच में शामिल किया जा सकता है। वहीं, इस मामले की जांच कई टीमें कर रही हैं।
आरोपी सुरेश को हमने जेल भेज दिया है। उससे चार मोबाइल बरामद हुए और उन्हें जांच के लिए गुरुग्राम लैब में भेजा गया है। जांच रिपोर्ट जल्द हमारे पास पहुंच जाएगी और इसके आधार पर अगला कदम हम उठाएंगे। - नरेंद्र कादयान, डीएसपी, रोहतक पुलिस