21 दिन बाद जिले में कोरोना पॉजिटिव केस सामने आने से स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। बुधवार को सीएमओ सुदर्शन पंवार ने कहा कि लंबी समयावधि बाद कोरोना पॉजिटिव केस सामने आना चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि इसका अर्थ यह है कि लोग कोविड महामारी के प्रति सचेत नहीं है और अभी भी स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों की पालना नहीं की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जिला में दादरी शहर में बधवाना गेट के समीप कोरोना का एक मामला सामने आया है जबकि पिछले 21 दिनों से जिला में कोविड का एक भी रोगी नहीं था। कोरोना संक्रमण का सिलसिला एक से शुरू होकर एक हजार तक पहुंच सकता है। इस लिए लोगों को अब सावधान हो जाना चाहिए, जिससे कि ये केस और न बढे़ं। डॉ. पंवार ने कहा कि सामाजिक दूरी की पालना, मास्क पहनना, साबुन से हाथ धोना जैसे नियमों का पालन करना जारी रखें। हमारे द्वारा अगर इसी तरह लापरवाही बरती गई तो एक बार फिर से जिला में पूरी तरह लॉकडाउन लगाने की नौबत आ सकती है। उन्होंने जिला वासियों से अपील की है कि वे सतर्कता बरतते हुए अधिक समय तक घर पर ही रहें और बाहर न निकलें।