चरखी दादरी। जुलाई में कोरोना ने फिर से जिले में दस्तक दे दी है और धड़ाधड़ पॉजिटिव केस मिल रहे हैं। फिलहाल जिले में 11 सक्रिय केस हैं और इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सिविल अस्पताल की मॉलीकुलर लैब दोबारा से शुरू करने की तैयारी कर ली है। इसके लिए विभाग को छह एलटी मिल गए हैं और 10 दिन के अंदर कोरोना जांच लैब वर्किंग में आ जाएगी। इसके बाद सैंपल जांच के लिए खानपुर मेडिकल कॉलेज नहीं भेजने पड़ेंगे।
कोविड स्टाफ हटाने के बाद से ही सिविल अस्पताल की मॉलीकुलर लैब बंद पड़ी है। वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर विभाग कोरोना जांच के लिए सैंपल खानपुर मेडिकल लैब भेज रहा है। वहां वर्कलोड के चलते रिपोर्ट आने में देरी हो रही है। जुलाई माह में संक्रमण की बात करें तो हर 32वां सैंपल पॉजिटिव आया है। इस माह में 15 केस मिले चुके हैं, जिनमें से 11 अभी सक्रिय हैं। जिले में तैनात एक चिकित्सक भी कोरोना की चपेट में है। राहत की बात यह है कि जुलाई में जो लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं, उनमें से ज्यादातर घर में रहकर ही एक सप्ताह के अंदर ठीक हुए हैं। उनमें खांसी-जुकाम व बुखार के लक्षण मिले थे।
कोविड नोडल अधिकारी डॉ. संदीप ने बताया कि हाल ही में जिले को स्टाफ नर्सों के अलावा छह एलटी मिले हैं और जल्द ही मॉलीकुलर लैब वर्किंग में आ जाएगी। इसके बाद कोरोना जांच सैंपल खानपुर मेडिकल कॉलेज नहीं भेजने पड़ेंगे। इसके अलावा जिनोम सिक्वेसिंग के लिए सैंपल भी दादरी लैब के जरिये भेजे जाएंगे, जो अब खानपुर लैब के जरिये भेजे जा रहे हैं।
- लक्षण वालों समेत स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती मरीजों के लिए जाएंगे सैंपल
कोविड नोडल अधिकारी ने बताया कि जिले के सभी 17 स्वास्थ्य केंद्रों पर सैंपलिंग की व्यवस्था है। इन स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती सभी मरीजों के सैंपल लिए जाएंगे। इनके अलावा जिनमें लक्षण पाए जाते हैं, उनके सैंपल भी अब विभाग लेगा। उन्होंने बताया कि सैंपलिंग बढ़ाने पर अब विभाग का फोकस है।
राहत : मंगलवार को नहीं मिला नया केस, तीन संक्रमित हुए स्वस्थ -
कोरोना के बढ़ते केस के बीच मंगलवार के नया केस सामने न आना राहत की बात है। वहीं, मंगलवार को तीन संक्रमितों ने कोरोना को मात दी है। 12 जुलाई तक के अगर आंकड़े देखें तो जिले में अब तक 7501 कोरोना संक्रमित मिले हैं और इनमें से 7342 स्वस्थ हुए हैं जबकि 145 की मौत हुई है। अब तक विभाग 375737 सैंपल ले चुका है, जिनमें से 348 की रिपोर्ट लंबित है। मंगलवार को 205 सैंपल लिए गए।
- नए एलटी को दी जाएगी ट्रेनिंग
कोविड प्रभारी डॉ. संदीप ने बताया कि मॉलीकुलर लैब शुरू करने के लिए जिला स्वास्थ्य विभाग को जो छह एलटी मिले हैं, उनकी जल्द ही ट्रेनिंग करवाई जाएगी। विभाग का प्रयास है कि 22 जुलाई तक लैब वर्किंग में आ जाए।
वर्जन::
हमें छह एलटी मिले हैं और जल्द ही मॉलीकुलर लैब शुरू कर दी जाएगी। जुलाई में फिर से कोरोना केस सामने आने लगे हैं। हालांकि इनमें खांसी-जुकाम व बुखार के ही लक्षण हैं।
- डॉ. संदीप, कोविड नोडल अधिकारी, चरखी दादरी।