ईंट-भट्ठे का निरीक्षण करने पहुंची टीम।
- फोटो : CharkhiDadri
चरखी दादरी। चिड़िया व सांवड़ रोड पर चल रहे ईंट-भट्ठों का वीरवार सुबह मुख्यमंत्री उड़नदस्ते, खाद्य आपूर्ति विभाग और गुप्तचर विभाग की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया। संयुक्त टीम को इन जगहों पर दो ईंट-भट्ठे बिना लाइसेंस के चलते मिले। इस पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने खाद्य आपूर्ति विभाग को अगली कार्रवाई के आदेश दे दिए हैं।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री उड़नदस्ता वीरवार सुबह एसआई अनूप सिंह के नेतृत्व में दादरी पहुंचा। यहां से खाद्य आपूर्ति विभाग और गुप्तचर विभाग के अधिकारियों को टीम में शामिल किया गया। सीआईडी डीआई जलधीर सिंह भी कार्रवाई करने पहुंची टीम का हिस्सा रहे। सुबह करीब दस बजे टीम ने चिड़िया स्थित ईंट-भट्ठे का निरीक्षण किया। संचालक दिनेश से पूछताछ की गई और उससे भट्ठा के संचालन संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वो पेश नहीं कर पाया। पूछताछ के दौरान ईंट-भट्ठा के संचालन के लिए लाइसेंस न होने की बात सामने आई। इसके बाद टीम ने सांवड़ स्थित सरस्वती भट्ठे का निरीक्षण किया। यह भट्ठा भी बिना लाइसेंस चलता मिला। भट्ठा संचालक के खिलाफ टीम ने कार्रवाई के आदेश दे दिए हैं।