सीबीएसई बोर्ड की 26 अप्रैल से शुरू होने वाली दूसरी टर्म की परीक्षा के लिए केंद्र अधीक्षक को प्रश्नपत्र अपने नजदीकी बैंकं से प्राप्त करने होंगे। इससे पहले बोर्ड स्कूल की लॉगिन आईडी पर प्रश्नपत्र भेजता था। जिला में 33 सीबीएसई स्कूल हैं और दसवीं कक्षा के 1500 व बारहवीं कक्षा के 900 विद्यार्थी इस साल परीक्षा में प्रविष्ट होंगे। जिला में इसके लिए छह परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा का समय सुबह साढ़े 10 से दोपहर बाद 12.30 बजे तक रहेगा।
सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाओं की तैयारियां जिले में पूरी कर ली गई हैं। इस बार एक रूम में 18 विद्यार्थी बैठेंगे जबकि दो शिक्षक ड्यूटी देंग। परीक्षा के दौरान कोविड नियमों की पालना करवाने के भी निर्देश दिए गए हैं जिसके तहत परीक्षार्थी को मास्क लगाना होगा। परीक्षा के लिए सभी केंद्रों में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
इस बार केंद्र अधीक्षक को 30 मिनट पहले ही परीक्षा केंद्र के समीपवर्ती बैंक से प्रश्नपत्र मिलेगा। इसी प्रकार 30 मिनट पहले विद्यार्थियों की एंट्री परीक्षा केंद्र में करवाई जाएगी। परीक्षा केंद्रों को सुचारू रूप से चलाने के लिए आवश्यक निर्देश स्पष्ट कर दिए गए हैं।
इन केंद्रों पर होंगी परीक्षाएं
नगर स्थित एपीजे स्कूल,आरईडी स्कूल चरखी, बेस मॉडल स्कूल, आर्यन मॉडल स्कूल दादरी शहर, एससीआर स्कूल चरखी स्थित स्कूलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन परीक्षा केंद्रों में बारहवीं और दसवीं कक्षा की परीक्षा संपन्न होंगी। दादरी जिला में 27 अप्रैल को बारहवीं कक्षा का अंग्रेजी विषय का पेपर होगा जबकि 26 अप्रैल को दसवीं व बारहवीं दोनो कक्षाओं के माइनर विषयों के पेपर हैं। इन माइनर विषयों में पेंटिंग, शिल्प कला, ब्यूटी एवं वेलनेस, इंटर प्रीमियरशिप आदि शामिल हैं।
थर्मल स्क्रनिंग अनिवार्य
परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले विद्यार्थी की थर्मल स्क्रीनिंग करने के निर्देेश हैं। परीक्षार्थी को अपने साथ सैनिटाइजर व पानी की बोतल लेकर जाना होगा। मास्क लगाना भी जरूरी है। उचित दूरी की पालना करनी होगी। वहीं, कोविड गाइडलाइन की पालना के लिए कमरों को सैनिटाइज किया गया है।
परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न करवाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला में छह परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रश्रपत्र 30 मिनट पहले नजदीक बैंक शाखा से लेना होगा। एक कमरे में दो शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। अनुचित साधन का प्रयोग करने पर यूएमसी बनाया जाएगा।
ज्योति फौगाट, सिटी को-ऑडिनेटर एवं प्रिंसिपल एससीआर स्कूल