चरखी दादरी। जिले के भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) पावर सब स्टेशन की क्षमता 220 केवीए है। इस सब स्टेशन पर लोड 97 प्रतिशत यानी 213.4 केवीए तक पहुंच गया है, जोकि इसकी अधिकतम सीमा से अधिक है। ऐसे में बिजली निगम को लोड दूसरे सब स्टेशन पर शिफ्ट करना पड़ रहा है।
इस पावर सब स्टेशन में 33 केवीएम के दो सब स्टेशन व दो मुख्य पावर ट्रांसफार्मर हैं। अब नंबर एक सब स्टेशन का लोड दूसरे पर डालकर घटाया गया है, ताकि लोड की वजह से पावर ट्रांसफार्मर न जले। कूलर आदि लगाकर पावर ट्रांसफार्मर का तापमान संतुलित रखना पड़ रहा है।
भीषण गर्मी की वजह से पावर सब स्टेशन हाफने लगे हैं। लोड अधिकतम सीमा को पार कर रहा है। रात के समय तो लोड 213.4 केवीए तक पहुंच जाता है। इसकी वजह से कुछ देर के पावर कट लगाने पड़ते हैं। बीबीएम पावर सब स्टेशन की अधिकतम लोड क्षमता 209 केवीए है।
चरखी पावर सब स्टेशन व रेलवे रोड स्थित पावर स्टेशन शहर के दो मुख्य पावर स्टेशन हैं। रेलवे रोड पावर सब स्टेशन की क्षमता 36 एमवीए, जबकि चरखी पावर सब स्टेशन 220 केवीए क्षमता का है। चरखी सब स्टेशन से शहर के 45 प्रतिशत क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की जाती है। शहर के 55 प्रतिशत क्षेत्र में रेलवे रोड सब स्टेशन व गांव घसौला स्थित 33 केवीए सब स्टेशन से आपूर्ति की जाती है।
ग्रामीण सब स्टेशन से जोड़ी शहरी कॉलोनियां
कुछ दिन पहले रेलवे रोड पावर स्टेशन का लोड बढ़ जाने पर गांव घसौला स्थित 33 केवीए से शहर की करीब 12 कॉलोनियों को जोड़ना पड़ा था। अब चरखी स्थित बीबीएम सब स्टेशन का लोड भी बढ़ गया है। बीबीएमबी स्टेशन के नंबर स्टेशन का लोड 213.4 केवीए पार करने पर लोड को चिड़िया रोड क्षेत्र में शिफ्ट किया गया है। बस स्टैंड रोड क्षेत्र को नंबर दो सब स्टेशन से आपूर्ति शुरू की गई है।
चरखी दादरी में 1.09 करोड़ पहुंची बिजली खपत
दादरी जिले में बिजली की खपत का आंकड़ा एक करोड़ नौ लाख यूनिट प्रतिमाह तक पहुंच गया है। इस माह में सर्वाधिक खपत हुई है। सामान्य दिनों में खपत 80 से 85 लाख यूनिट होती है। खपत बढ़ने पर लोड बढ़ रहा है। इसके चलते फॉल्ट भी आ रहे हैं। बिजली कट से लोग परेशान हैं। 24 घंटे में 7 से 8 कट आम बात हो गई है। अधिकारियों को प्रतिदिन प्रत्येक सब स्टेशन के लोड की निगरानी करनी पड़ रही है।
चरखी स्थित बीबीएमबी 220 केवीए पावर सब स्टेशन का लोड 97 प्रतिशत को पार कर गया। इसका लोड कम करके दूसरे सब स्टेशन पर डालना पड़ा है। इस पावर सब स्टेशन में 33 केवीएम के दो सब स्टेशन व दो मुख्य पावर ट्रांसफार्मर हैं। - गौरव कुमार, एसडीओ, बिजली निगम।