चरखी दादरी। निकाय चुनाव में चेयरमैन बनने से भाजपा प्रत्याशी बक्शी सैनी की तो नैय्या पार लग गई, लेकिन भाई और भाभी को हार का सामना करना पड़ा। बक्शी सैनी के भाई बिजेंद्र ने वार्ड- 8 से तो भाभी संतोष ने वार्ड-9 से पार्षद का चुनाव लड़ा था। दोनों वार्डों में त्रिकोणीय मुकाबला था, जिसमें दोनों को मात मिली। भाई बिजेंद्र की 424 वोटों से शिकस्त हुई जबकि भाभी संतोष को विजेता उम्मीदवार से 176 वोट कम मिले।
बक्शी सैनी के भाई बिजेंद्र को वार्ड-8 के दो बूथों पर 262 वोट मिले। इस वार्ड से विजेता प्रत्याशी नवीन को 686 मत मिले जबकि तीसरे नंबर पर रहने वाले प्रत्याशी सुरेंद्र को 235 वोट मिले। उगता सूरज के चिह्न पर चुनाव लड़ने वाले बिजेंद्र की 424 वोटों से हार हुई। इसी प्रकार बक्शी सैनी की भाभी संतोष को वार्ड-9 के दोनों बूथों पर 429 मत मिले। विजेता प्रत्याशी विनोद को 605 और दूसरे नंबर पर रहने वाले प्रत्याशी कुलदीप को 447 मत मिले। साइकिल के चिह्न पर चुनाव लड़ने वाली संतोष कुमारी की 176 वोटों से हार हुई।
संवाददाता ने इन दोनों वार्डों के चारों बूथों 17, 18, 19 व 20 में चेयरमैन प्रत्याशी के तौर बक्शी सैनी को मिले वोटों का आंकलन किया तो सामने आया कि चारों बूथों से उनकी जीत हुई है। एक बूथ पर आप प्रत्याशी से उनका मुकाबला रहा जबकि अन्य तीनों बूथों पर बक्शी की एकतरफा जीत है। वार्ड-8 के बूथ संख्या 17 पर बक्शी सैनी को 311 वाट मिले हैं जबकि बूथ संख्या 18 पर उन्हें 301 वोट मिले हैं। वहीं, वार्ड-9 के बूथ नंबर 19 पर बक्शी को 323 वोट मिले जबकि आप प्रत्याशी रिंपी फौगाट को 295 वोट मिले। बूथ संख्या 20 पर बक्शी सैनी को 418 वोट मिले और इस प्रकार चारों बूथों से बक्शी सैनी बढ़त बनाने में कामयाब हुए।
- गत योजना में एक परिवार से थे दो पार्षद
2016 निकाय चुनाव में बक्शी सैनी ने वार्ड- 8 से जीत दर्ज की थी जबकि उनकी भाभी पार्वती सैनी वार्ड-9 से जीती थीं। इस बार इस परिवार के हाथ दो वार्डों की चौधर तो नहीं आई, लेकिन चेयरमैनी का ताज जरूर सिर सज गया।