बाढड़ा। कारी रूपा से लेकर द्वारका तक दो करोड़ 35 लाख रुपये की लागत से करीब तीन माह पहले बनवाई गई सड़क पर गड्ढों की भरमार है। इससे खफ ग्रामीणों ने रोष जताया। उन्होंने कहा कि गत 11 फरवरी को ही डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने सड़क का शुभारंभ किया है जबकि यहां गड्ढे जस के तस हैं। ग्रामीणों ने जहां निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल उठाए तो वहीं, विभागीय अधिकारियों का तर्क है कि सर्दी के मौसम में तारकोल सेट न होने के चलते गड्ढे बने हैं, जिन्हें दुरुस्त करवा दिया गया है।
कारी रूपा से कारीदास, सिरसली व डांडमा हाते हुए द्वारका तक पीडब्ल्यूडी ने हाल ही में सड़क का निर्माण करवाया है। छह किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य करीब तीन माह पहले ही पूरा हुआ है जबकि तीन दिन पूर्व ही डिप्टी सीएम ने इस सड़क का शुभारंभ किया है। ग्रामीण जितेंद्र, विकास, नवीन,बंसी, राजेश कुमार,अनिल कुमार, राधे, रमेश, परविंद्र व सुखवीर आदि ने बताया कि यह सड़क पिछले दस सालों से कंडम थी और पीडब्ल्यूडी विभाग ने हाल ही में इस सड़क को बनवाया है।
उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य पूरा होने के तीन माह बाद ही सड़क पर गड्ढे बन गए हैं, जिसके चलते छह गांवों के ग्रामीणों के अलावा राहगीरों को परेशानियों से दो-चार होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क पर गड्ढे बनने से रोडियां उखड़ी हुई हैं जो किसी हादसे का कारण बन सकती है। ग्रामीणों ने बताया कि इसकी शिकायत उन्होंने सीएम विंडो पर दी है।
वर्जन
सर्दी में निर्माण होने के कारण तारकोल सेट नहीं हो पाया और इसके चलते ही गड्ढे बने थे, जिन्हें भरवा दिया गया है।
प्रेम सिंह, जेई, पीडब्ल्यूडी