चरखी दादरी। हरि नगर निवासी एक युवती ने शादी के छह माह बाद ही मंगलवार सुबह मायके में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगा लिया। पुलिस को दिए बयान में मृतका के पिता ने पति और सास पर दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने बयान के आधार पर दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपों की जांच शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
मंगलवार सुबह 10:41 पर डायल 112 टीम को सूचना मिली थी कि हरि नगर कॉलोनी निवासी हनी भारद्वाज ने घर पर फंदा लगा लिया है। इसके तुरंत बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवती को फंदे से नीचे उतारा। पुलिस टीम उसे लेकर 11:03 पर सिविल अस्पताल पहुंच गई। करीब पंद्रह मिनट के प्रयास के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को दिए बयान में मृतका के पिता महेश ने युवती के पति और सास पर दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाए गए हैं। महेश ने बताया कि उसने अपनी बेटी हनी की शादी करीब छह माह पहले की थी। उसका दामाद प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है और हनी बावल में उसके साथ रह रही थी। दो दिन पहले ही वह अपने मायके आई थी और मंगलवार सुबह प्रताड़ना से आह्त होकर उसकी बेटी ने कमरे में पंखे पर फंदा लगाकर अपनी आत्महत्या कर ली। महेश के बयान पर पुलिस ने धारा 498, 304-बी और 34 के तहत पति व सास पर केस दर्ज कर लिया है।