पुलिस गिरफ्त में दोनों आरोपी और बरामद शराब की पेटियों से भरा ट्रक।
- फोटो : CharkhiDadri
चरखी दादरी। दादरी पुलिस ने आदमपुर चौक पर वीरवार रात को अंग्रेजी शराब की एक हजार पेटियों से भरे ट्रक को दो लोगों सहित पकड़ा। इसकी बिल्टी अंबाला कैंट से गुरुग्राम की कटवाई थी, जबकि ट्रक नारनौल की तरफ जा रहा था। आरोपियों ने खुलासा कि ट्रक मालिक महेंद्रगढ़ जिले के गांव किरारोध निवासी हरविंद्र उर्फ रोमी के कहने पर वो शराब लेकर नारनौल एल-1 पर जा रहे थे। इस संबंध में पुलिस ने झोझूकलां थाने में आबकारी अधिनियम समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
एसपी विनोद कुमार ने बताया कि झोझूकलां थाना पुलिस टीम आदमपुर चौक पर नाका लगाए हुए थे। वीरवार रात टीम ने दादरी से नारनौल की तरफ जा रहे एक ट्रक को रुकवाकर जांच की तो उसमें अंग्रेजी शराब की पेटियां मिलीं। मौके पर झुंझुनूं जिले के खांदवा निवासी ट्रक चालक बलवान और क्लीनर गोविंद ने टीम को एक बिल्टी दिखाई। यह अंबाला कैंट से गुरुग्राम के लिए थी, जबकि शराब को नारनौल एल-1 ले जाया जा रहा था। पुलिस को ट्रक से 500 पेटी रॉयल चैलेंज और 500 पेटी मैकडॉल की बरामद हुई। शराब की मार्केट कीमत करीब 70 लाख से अधिक आंकी जा रही है। एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान मामले से जुड़ा एक अन्य नाम सामने आया है और जल्द ही पुलिस ट्रक मालिक को भी गिरफ्तार कर लेगी।