खाद के लिए सदर थाने के बाहर लगी किसानों की कतार।
- फोटो : CharkhiDadri
चरखी दादरी। जिले में शुक्रवार को खाद के 800 बैग वितरित किए गए। शाम चार बजे तक खाद वितरण किया गया। वहीं, रैक अलॉट का होने के चलते शनिवार को खाद वितरण को लेकर अभी असमंजस बना हुआ है। वहीं, कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि रैक अलॉट होने और खेप पहुंचने के बाद ही जिले में किसानों के बीच खाद का वितरण किया जा सकेगा। अब तक जिले में 60 हजार से अधिक बैग वितरित किए जा चुके हैं।
गोवर्धन पर्व पर भी सदर थाने के बाहर किसानों की तार लगी रही। सुबह साढ़े नौ बजे टोकन वितरण शुरू किया गया। दोपहर करीब तीन बजे तक 400 किसानों को टोकन दिए गए। शुक्रवार को भी एक टोकन पर दो बैग जारी किए गए। टोकन वितरण सदर थाने में तो खाद वितरण नई अनाज मंडी में किया गया। किसान हवा सिंह, संदीप, वेदप्रकाश, मंजीत, सुनील, कुलदीप, दयासिंह, कपूर सिंह, नवीन और दीपक का कहना है कि उन्हें खाद तो मिल गई, लेकिन कई घंटे इंतजार करने के बाद उनका नंबर आया। उनका कहना है कि प्रशासन और सरकार को पर्याप्त मात्रा में खाद किसानों को मुहैया करवाना चाहिए, ताकि उन्हें दिक्कत न हो। वहीं, कृषि विभाग के उप निदेशक बलवंत सहारण ने बताया कि शुक्रवार को विभाग के पास करीब 800 बैग का स्टॉक था जो किसानों को वितरित किया गया। उन्होंने बताया कि अगर खाद की खेप शनिवार को समय पर पहुंच जाती है तो तुरंत किसानों के बीच वितरण कर दिया जाएगा।