दादरी नई अनाज मंडी में 21 से 24 जुलाई तक राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी। इसे लेकर मंगलवार को उपायुक्त श्यामलाल पूनिया ने अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि 69वीं सीनियर राष्ट्रीय पुरूष कबड्डी प्रतियोगिता के आयोजन में प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को मंडी परिसर में नागरिक सुविधाएं सुव्यस्थित करने के निर्देश दिए। बता दें कि इससे पहले जिला प्रशासन राष्ट्रीय स्तर की महिला कबड्डी चैंपियनशिप भी आयोजित करवा चुका है।
कैंप कार्यालय में आयोजित बैठक में उपायुक्त ने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान सरकार के और भी मंत्री व गण्यमान्य लोग आएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन के दौरान सभी प्रबंध चाक-चौबंद रहने चाहिए। उपायुक्त ने नगरपरिषद के कार्यकारी अधिकारी व मार्केट कमेटी सचिव को शहर व नई अनाज मंडी में सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि नगरपरिषद की ओर से शहर व आयोजन स्थल के आसपास सफाई में कमी नहीं रहनी चाहिए। उपायुक्त ने कहा कि खेल आयोजन के दौरान शौचालय की व्यवस्था मार्केटिंग बोर्ड, नगरपरिषद व जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से की जाएगी। उन्होंने कहा कि खेल विभाग व शिक्षा विभाग की ओर से कोच व डीपीई इंचार्ज के तौर पर यहां नियुक्त किए जाएं।
उपायुक्त ने कहा कि खेल प्रतियोगिता के दौरान फायर ब्रिगेड, स्टाफ सहित एंबुलेंस वाहन मंडी परिसर में मौजूद रहें। बैठक में कबड्डी एसोसिएशन के जिला प्रधान राजेश फौगाट ने कहा कि दादरी में यह एक बड़ा खेल आयोजन है। जिसमें राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी यहां आएंगे। इससे जिला युवाओं को भी खेलों में रूचि लेने की प्रेरणा मिलेगी। एसोसिएशन के महासचिव कुलदीप दलाल ने आयोजन की रूपरेखा पर प्रकाश डाला।
- रुकने के स्थान से खेल मैदान तक बसों में जाएंगी टीमें
इस प्रतियोगिता में रेलवे सहित अलग-अलग राज्यों व बोर्ड से लड़कों की 30 टीमें भाग लेंगी। डीसी ने कहा कि टीम व इनके साथ आ रहे प्रभारियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। खिलाड़ियों को रासीवासिया धर्मशाला से मंडी परिसर तक लाने व ले जाने के लिए बसों की व्यवस्था की जाए। पुलिस विभाग की ओर से खिलाड़ियों के रहने वाले स्थान व खेल मैदान में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध किए जाएं।
- ये अधिकारह रहे मौजूद
बैठक के दौरान एसडीएम अनिल कुमार यादव, नगराधीश नरेंद्र कुमार, उप पुलिस अधीक्षक रामसिंह बिश्रोई, नगरपरिषद के कार्यकारी अधिकारी राजेश वर्मा, सुशासन सहयोगी दिनेश मलहा, बिजेंद्र कोच आदि उपस्थित रहे।