चरखी दादरी। हरियाणा पुलिस (सिपाही) भर्ती परीक्षा के लिए शनिवार रात और रविवार सुबह जिले के 832 परीक्षार्थियों को रोडवेज बसों के जरिये विभिन्न जिलों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया गया। रविवार को परीक्षा केंद्राें पर डिपो की 16 बसें चलीं जिनमें से सात बसों को शनिवार रात और नौ को रविवार अलसुबह रवाना किया गया। वहीं, सोमवार को होने वाली परीक्षा के लिए रविवार शाम तक बस स्टैंड परिसर पर एडवांस बुकिंग की गई। रोडवेज अधिकारियों के अनुसार रविवार को 20 से बसें भेजी जाने की उम्मीद है और इन बसों का शेड्यूल सुबह और शाम की शिफ्ट के मुताबिक तैयार किया जा रहा है।
सिपाही भर्ती के लिए जिले के परीक्षार्थियों के आठ जिलों में सेंटर आए हैं। इसके लिए शुक्रवार से एडवांस बुकिंग प्रक्रिया जारी है। रविवार को दो शिफ्टों में हुई परीक्षा के लिए 832 उम्मीदवारों ने बस स्टैंड पर पहुंचकर एडवांस बुकिंग करवाई थी। सुबह की शिफ्ट के लिए सात बसें भेजी गईं जिनमें 364 परीक्षार्थियों ने सफर किया। वहीं, शाम की शिफ्ट के लिए नौ बसें भेजी गईं, जिनमें 468 परीक्षार्थियों ने यात्रा की। वहीं, सोमवार को होने वाली परीक्षा के लिए रविवार को भी एडवांस बुकिंग काउंटर पर उम्मीदवारों की भीड़ लगी रही। दोपहर दो बजे तक एक हजार उम्मीदवार एडवांस बुकिंग करवा चुके थे। दूसरी ओर परीक्षा केंद्र के लिए डिपो की 15 फीसदी बसें भेजने से दस लोकल रूटों पर सेवा चरमराई रही। इनमें भिवानी, बाढड़ा, लोहारू, रोहतक, झज्जर, नारनौल व बेरी आदि रूट शामिल हैं। वहीं, कुछ रूटों पर सफर करने वाले यात्रियों को बसों के फेरे घटाने के कारण काफी देत तक इंतजार करना पड़ा।
इतना लिया गया परीक्षार्थियों से किराया
जिन परीक्षार्थियों का पंचकूला केंद्र आया है उनसे आने-जाने की एडवांस बुकिंग के लिए 680 रुपये लिए गए। इसी प्रकार यमुनानगर के 520, कुरुक्षेत्र के 450, करनाल के 390, फरीदाबाद के 320 और अंबाला के 560 रुपये लिए गए। परीक्षा केंद्रों पर बसें भेजने से रोडवेज को चार लाख से अधिक का राजस्व प्राप्त हुए।
इन जिलों में भेजी गईं बसें
सुबह की शिफ्ट के लिए पंचकूला एक, यमुनानगर एक, कुरुक्षेत्र एक, करनाल एक, फरीदाबाद एक और अंबाला दो बसें भेजी गईं। इसी प्रकार शाम की शिफ्ट के लिए पंचकूला एक, यमुनानगर दो, अंबाला दो, कुरुक्षेत्र एक, करनाल एक और फरीदाबाद एक बस भेजी गई।
सिपाही भर्ती की उम्मीदवारों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। हमारा प्रयास है कि सभी परीक्षार्थियों को केंद्र पर समय पर पहुंचाया जाए। परीक्षा के लिए हम पहले से एडवांस बुकिंग कर रहे हैं।
सतेंद्र, डीआई, चरखी दादरी डिपो