आठ घंटे में 123 एमएम बारिश, इतना जलभराव की बंद करने पडे़ दो मुख्य मार्ग
चरखी दादरी। शहर में बुधवार को मेघा जमकर बरसे। करीब आठ घंटे तक बारिश का दौर चला और इस दौरान दादरी में 123 एमएम बारिश दर्ज की गई। बाढड़ा और बौंदकलां में भी झमाझम बारिश हुई। बाढड़ा में 95 एमएम तो बौंदकलां में 92 एमएम बारिश दर्ज की गई। वहीं, लगातार बारिश से शहर की सीवर व्यवस्था भी जवाब दे गई और मुख्य बाजार सहित 30 से अधिक जगहों पर जलभराव हुआ गया। करीब ढाई फुट तक पानी भरने से शहर का मुख्य बाजार बंद रहा और व्यापारियों ने व्यवस्थाओं को लेकर रोष जताया। सड़क पर इतना जलभराव हुआ कि शहर के दो मुख्य मार्गों को रस्सियां बांध बंद करना पड़ा, ताकि कोई हादसा न हो। बाजार में दुकानों में पानी घुसने के कारण बाजार बंद रहे और दुकानदारों ने रोष जताया।
बुुधवार अलसुबह करीब साढ़े तीन बजे बारिश शुरू हुई। बारिश का दौर दोपहर डेढ़ बजे तक चला। दोपहर बाद भी बूंदाबांदी हुई। बारिश में ब्लॉक सीवर लाइनों से पानी की निकासी नहीं हो पाई और शहर की सड़कें जलमग्न हो गईं। यहां तक की अधिकारियों के आवास और सरकारी कार्यालय भी इससे अछूते नहीं रहे। रोहतक रोड पर डीसी और एसपी समेत अन्य अधिकारियों के आवास के बाहर पानी भर गया तो वहीं, बैंक, थाना, पशु अस्पताल, नगर परिषद कार्यालय, कोर्ट कॉम्पलेक्स में भी बारिश का पानी भर गया।
दूसरी ओर बारिश ने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के पसीने छुड़वा दिए और अधिकारी टीम समेत साइट पर पहुंचकर पानी निकासी की व्यवस्था करवाते नजर आए। बारिश के बाद नगर परिषद टीम ने चंपापुरी क्षेत्र स्थित कच्चे नाले की ब्लॉकेज खुलवाई ताकि सीवर लाइनों के पानी की नाले के जरिये सीसीआई परिसर तक निकासी हो सके। वहीं, एसटीपी पर लगातार मोटरें चलाने के बाद भी शहर के ज्यादातर हिस्सों से देर शाम तक पानी की निकासी नहीं हो पाई थी। जलभराव के कारण शहरवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा तो दूसरी ओर बाजार का कारोबार भी करीब तीन करोड़ पर ही सिमट गया। बुधवार को सामान्य दिनों के मुकाबले करीब सात करोड़ का कारोबार कम हुआ है। बौंदकलां के बाजार समेत दादरी-रोहतक मुख्यमार्ग पर भी जलभराव हुआ।
दुकानों के अंदर तक घुसा
बारिश के कारण बुधवार को रोहतक रोड, बस स्टैंड रोड, कोर्ट रोड, आंबेडकर चौक रोड, रेलवे रोड, पुराना झज्जर रोड, चरखी दरवाजा, नगर परिषद के पिछली तरफ, वार्ड-17 में, गांधी नगर, घिकाड़ा रोड, हरि नगर, विश्वकर्मा कॉलोनी, चंपापुरी, रावलधी-दिल्ली बाईप ास, गोशाला रोड आदि क्षेत्रों में जलभराव हुआ। वहीं, रोहतक चौक के समीप और जांगड़ा मार्केट में दुकानों के अंदर तक पानी घुस गया।
दो मुख्यमार्गों पर ज्यादा जलभराव होने पर दुकानदारों ने बांधी रस्सी
आंबेडकर चौक से लाला लाजपतराय चौक होते पुरानी अनाज मंडी की तरफ जाने वाली सड़क पर ढाई फुट तक पानी भर गया। वाहन चालक यहां से गुजरते समय हादसों का शिकार न हो, इसके लिए दुकानदारों ने सड़क पर रस्सी बांधकर आवागमन रोक दिया। देर शाम तक यहां पानी भरा रहा और इसके चलते आवागमन बंद रहा। इसके अलावा पुराना बस स्टैंड क्षेत्र से पुरानी सब्जी मंडी होते हुए रेलवे स्टेशन की तरफ जाने वाली सड़क पर भी एहतियात के तौर पर दुकानदारों ने अवरोधक रखकर रास्ता बंद कर दिया।
बाजरे की कटी फसल में नुकसान जबकि अन्य फसलों के लिए फायदेमंद
जिन किसानों ने बाजरे की अगेती बिजाई की थी वो इस समय कटाई कर रहे हैं। बारिश के कारण बाजरे की कटी हुई फसल में नुकसान है जबकि कपास, मूंग, पछेता बाजरा, ज्वार और ग्वार को बारिश से फायदा है। कृषि वैज्ञानिक के अनुसार बारिश का असर फसल की पैदावार पर पड़ेगा। हालांकि जिले की करीब तीन हजार एकड़ कृषि योग्य भूमि पर पहले से ही बारिश के जलभराव है और वहां फसलों को नुकसान हुआ है। भागवी, पांडवान, कंहेटी, इमलोटा, सरूपगढ़, सांतौर, फतेहगढ़, साहुवास आदि गांवों के किसानों की खरीफ की फसल नष्ट हो चुकी है।
- जिले में ये रही बुधवार को बारिश की स्थिति
दादरी- 123 एमएम
बाढड़ा- 95 एमएम
बौंदकलां- 92 एमएम