फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: एमिनेंट पर्सन और शिकायतकर्ता से संपर्क किए बिना विभाग ने बंद करवा डाली सीएम विंडो की शिकायत, मंत्री ने दिए जांच के आदेश

Fri, 05 May 2023 11:24 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
पंचायत भवन में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक अधिकारियों को निर्देश देते
विज्ञापन
भिवानी। सीएम विंडो के एमिनेंट पर्सन और शिकायतकर्ता से संपर्क किए बिना ही बैंक के अधिकारियों ने सीएम विंडो में दी शिकायत को बंद कर डाला। इसको लेकर विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने जांच करने के निर्देश दिए हैं। यह मामला शुक्रवार को पंचायत भवन में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में उजागर हुआ। बैठक में मंत्री देवेंद्र बबली ने 14 परिवादों की सुनवाई की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
विज्ञापन

लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति बैठक में कुल 14 परिवाद रखे गए। इनमें सात परिवाद पिछली बैठक से संबंधित लंबित थे, जबकि सात परिवाद नए शामिल थे। गांव मंढ़ाणा निवासी रितू रानी पत्नी सोनू पुत्र रघबीर सिंह ऋण के आवेदन को सात-आठ महीने बाद रद्द किए जाने से संबंधित परिवाद की सुनवाई की। इसमें प्रार्थी ने सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक मंढाणा शाखा पर तत्कालीन मैनेजर पर 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप भी लगाए हैं। साथ ही उन्होंने इस संबंधित में सीएम विंडो में शिकायत की थी, जोकि उनसे संपर्क किए बिना ही बंद कर रही।
वहीं एमिनेंट पर्सन कमल फौजी ने भी बताया कि उन्हें भी इस संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली। विकास एवं पंचायत मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर रिपोर्ट पेश करने को कहा। प्रार्थी की शिकायत पर उनकी बिना सहमति सीएम विंडो फाइल करने की भी जांच की जाए।
विज्ञापन

बहादुरगढ़ निवासी दलबीर सिंह फौगाट ने बताया कि उन्होंने भिवानी के मुख्य डाकघर में एजेंट के माध्यम से तीन चेक से 22 लाख रुपये जमा करवाए थे। उनका आरोप है कि उनकी अनुमति के बिना डाक विभाग के कर्मचारियों ने एजेंट के साथ मिलकर रुपये निकलवा लिए। फर्जी ढंग से पैसे निकलवाने से संबंधित परिवाद की सुनवाई करते हुए विकास एवं पंचायत मंत्री ने इस मामले में डाक विभाग को एक महीने के अंदर जांच पूरी करने व रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के फर्जी मामलों की पूरे प्रदेश से शिकायत आ रही हैं, इन पर अंकुश लगाना जरूरी है।
लोहारू वार्ड नंबर 11 से रामप्यारी पत्नी सत्यानारायण सैनी के नगर पालिका से संबंधित परिवाद की सुनवाई करते हुए मंत्री ने एसडीएम की अध्यक्षता में कमेटी द्वारा जांच करवाने के निर्देश दिए। गांव धनाना के निवासियों ने अनाज बिक्री केंद्र पर किसानों के सामने आने वाली समस्याओं को दूर करने, सेक्टर 13 व 23 में बरसाती पानी के निकासी के प्रबंध करने, सेक्टर 13 में बकाया इन्हांसमेंट के पैसे प्रभावित व्यक्तियों को दिलवाने की मांग रखी। जिस पर मंत्री ने आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर विधायक धनश्याम सर्राफ, उपायुक्त नरेश नरवाल, अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ, पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारनिया, सीईओ जिला परिषद मनोज दलाल, एसडीएम संदीप अग्रवाल, एसडीएम मनीष फौगाट, एसडीएम सुरेश दलाल, नगराधीश हरबीर सिंह, शिक्षा बोर्ड के सचिव कृष्ण कुमार, जिला परिषद चेयरपर्सन अनीता मलिक, नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप, बीजेपी जिलाध्यक्ष शंकर धूपड़, जेजेपी जिलाध्यक्ष विजय गोठड़ा, बार एसोसिएशन प्रधान सत्यजीत पिलानिया मौजूद रहे।
जमीनी विवादों की बारीकी से जांच के निर्देश
गांव गुजरानी से महाबीर सिंह के मामले में अधिकारियों को पट्टा आदि की अच्छी तरह से जांच के निर्देश दिए। गिरीराज कॉलोनी निवासी एडवोकेट रविंद्र कुमार के जमीन से संबंधित मामले में सुनवाई के दौरान संबंधित अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में प्रभावित पक्ष सिविल कोर्ट या तहसीलदार के समक्ष रजिस्ट्री को रद्द करने के लिए अपील कर सकते हैं। विद्यानगर से ओमप्रकाश के परिवाद में मंत्री ने पुलिस को निर्देश दिए कि कोई भी व्यक्ति किसी भी कानून का गलत ढंग से फायदा न उठाएं। राजस्व विभाग के अधिकारी भी इस मामले में छानबीन करें कि इस जमीन का वास्तविक मालिक कौन बनता है। विकास नगर निवासी संतोष गुप्ता के परिवाद की सुनाई के दौरान मंत्री ने नप अधिकारियों को आदेश दिए कि दूसरा पक्ष यदि नहीं आता है तो इस बारे में अखबार में समय सीमा निर्धारित की सूचना दी जाए और प्रभावित पक्ष की संपत्ति उनके नाम की जाए।
निजी अस्पताल के खिलाफ एफआईआर के निर्देश
लंबित परिवादों में शामिल भिवानी निवासी पीयूष गुप्ता के परिवाद की सुनवाई करते हुए मंत्री ने पुलिस प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि पहले से दर्ज एफआईआर को दुरुस्त किया जाए। गांव जताई निवासी धर्मबीर पुत्र जय नारायण के आयुष्मान कार्ड होने पर भी इलाज के पैसे वसूल किए जाने से संबंधित परिवाद की सुनवाई की। मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को संबंधित निजी अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। पीड़ित से वसूले पैसे वापस दिलवाए जाए। किरावड़ निवासी राजबाला के इलाज में लापरवाही बरतने से संबंधित परिवाद में चंडीगढ़ मुख्यालय के माध्यम से पीजीआई रोहतक के चिकित्सकों के बोर्ड से जांच करवाई जाए, ताकि पीड़ित को न्याय मिल सके।
धोखाधड़ी के बढ़ रहे मामले
प्राचार्य हीरालाल के परिवाद की सुनवाई के दौरान मंत्री ने जल्द से जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए। गांव दरियापुर निवासी कृष्ण कुमार के भावांतर भरपाई योजना से संबंधित परिवाद की सुनवाई के दौरान उपायुक्त नरेश नरवाल ने बताया कि इस मामले में जांच की जा रही है। कृषि विभाग द्वारा रिकार्ड को मंगवाया जा रहा है। गांव धनाना निवासी प्रार्थी रविंद्र, विक्रम, प्रदीप के धोखाधड़ी से संबंधित परिवाद पर पुलिस को जांच में तेजी लाने व धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने व पैसे वसूलने के निर्देश दिए। न्यू हाउसिंग बोर्ड निवासी प्रवेश के परिवाद में उन्होंने अभिभावकों व युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे सरकार द्वारा अधिकृत एजेंटों के माध्यम से ही विदेश जाए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें