तहसील परिसर के नजदीक स्कॉर्पियो गाड़ी और बाइक की आमने-सामने की टक्कर होने से हुए विवाद के बाद गाड़ी चालक ने पिस्तौल से गोली दाग दी। गनीमत रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। वारदात के बाद आरोपी गाड़ी चालक बाइक सवार युवकों को जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बाइक चालक की शिकायत पर नामजद आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस में दी शिकायत में सिरसी निवासी नरेंद्र ने बताया कि वह शुक्रवार को अपने परिचित कृष्ण निवासी सिरसी के साथ बाइक से बहल आया था। अपना कामकाज निपटाने के बाद सुबह करीब दस बजे वापस अपने गांव सिरसी जा रहा था। जब वे तहसील के पास पहुंचे तो लोहारू की तरफ तेज रफ्तार और गफलत से गाड़ी चलाते हुए आ रहे एक स्कॉर्पियो चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस पर उन्होंने चालक से जब कहा की आप सही तरीके से गाड़ी क्यों नहीं चला रहे हो तो वह उनसे झगड़ने लगा। गाड़ी में चालक सीट पर बैठे युवक ने उनको जान से मारने की धमकी देते हुए गोली चला दी। पर, वे बाल बाल बच गए। बाद में गाड़ी चालक उनको जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गया। गोली चलने की आवाज सुनकर तहसील परिसर में अफरा-तफरी मच गई और लोग घटनास्थल की और दौड़ पड़े। जब लोगों को पता चला कि गोली चलने से किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है तो उन्होंने राहत की सांस ली। वहीं, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना के बारे में जानकारी ली। पुलिस थाना प्रभारी ने बताया कि सिरसी निवासी नरेंद्र की शिकायत पर आरोपी सुधीवास निवासी सचिन के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शीघ्र ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।