हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) मार्च-2022 की परीक्षा में जिन परीक्षार्थियों के अनुचित साधन संबंधी केस (यूएमसी) दर्ज हुए थे, ऐसे परीक्षार्थियों को बोर्ड मुख्यालय, भिवानी पर व्यक्तिगत सुनवाई के लिए 24 से 26 मई को सुबह नौ बजे बुलाया गया है।
बोर्ड अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) जगबीर सिंह, उपाध्यक्ष वीपी यादव एवं सचिव कृष्ण कुमार ने बताया कि सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) की मार्च-2022 में हुई परीक्षाओं में जिन परीक्षार्थियों के अनुचित साधन (यूएमसी) के केस दर्ज हुए हैं, उनकी व्यक्तिगत सुनवाई 24 से 26 मई को होनी है।
उन्होंने बताया कि सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी (मुक्त विद्यालय/स्वयंपाठी) परीक्षार्थियों द्वारा उपलब्ध करवाए गए मोबाइल नंबर पर उनकी व्यक्तिगत सुनवाई की सूचना एसएमएस के माध्यम से सूचना भेज दी गई है। इसके अतिरिक्त सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी (नियमित) परीक्षार्थियों को सूचना देने के लिए संबंधित विद्यालयों की ई-मेल पर सूची भेज दी गई है। उन्होंने बताया कि अनुचित साधन(यूएमसी) संबंधी परीक्षार्थियों की सूची बोर्ड वेबसाइट पर भी दी गई है। ऐसे सभी परीक्षार्थी निर्धारित तिथि व समय पर व्यक्तिगत सुनवाई के लिए बोर्ड मुख्यालय, भिवानी पर पहुंचे।
एनरोलमेंट सूची डाउनलोड करने की तिथि बढ़ाई
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने सभी स्थायी/अस्थायी मान्यता प्राप्त विद्यालय एवं संस्कृत विद्यापीठ/गुरुकुल शैक्षिक सत्र 2021-22 कक्षा 9वीं व 11वीं की एनरोलमेंट सूची डाउनलोड करने की तिथि 19 मई निर्धारित की थी, जिसे अब बढ़ाकर 24 मई कर दिया है।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष प्रो. जगबीर सिंह, उपाध्यक्ष वीपी यादव एवं सचिव कृष्ण कुमार ने बताया कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड से सभी स्थायी/अस्थायी मान्यता प्राप्त विद्यालय एवं संस्कृत विद्यापीठ/गुरुकुल के मुखिया 24 मई तक शैक्षिक सत्र 2021-22 कक्षा 9वीं व 11वीं के अंक अपलोड करने उपरांत ही एनरोलमेंट सूची बोर्ड की अधिकारिक वेबसाइट 222.ड्ढह्यद्गद्ध.शह्म्द्द.द्बठ्ठ पर दिए गए लिंक पर विद्यालय पोर्टल से डाउनलोड कर सकते हैं।
इसके अतिरिक्त विद्यालय एवं संस्कृत विद्यापीठ/गुरुकुल विद्यालय पोर्टल से एडिट ऑप्शन पर जाकर विषय में संशोधन भी कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि निर्धारित तिथि के बाद विद्यालय एवं संस्कृत विद्यापीठ/गुरुकुल मांग अनुसार 200 रुपये प्रति सूची जमा करवाने उपरांत ही दी जाएगी।
इसके अतिरिक्त यदि किसी विद्यालय द्वारा डाउनलोड की गई एनरोलमेंट सूची में दिए गए विवरणों में कोई शुद्धि करवानी है, तो संबंधित विद्यालय एवं संस्कृत विद्यापीठ/गुरुकुल 31 मई तक व्यक्तिगत तौर पर रिकार्ड सहित तीन सौ रुपये प्रति शुद्धि शुल्क के साथ ऑफलाइन शुद्धि करवा सकते हैं।