एंटी लारवा अभियान के दौरान डेंगू मच्छर के लारवा की जांच करते स्वास्थ्यकर्मी। संवाद
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। जिले में शनिवार को डेंगू के तीन नए मरीज सामने आए हैं। इसके बाद जिले में डेंगू मरीजों की संख्या 309 हो गई है। लगातार सामने आ रहे डेंगू के नए मरीजों के चलते स्वास्थ्य विभाग ने एंटी लारवा अभियान और फीवर मास सर्वे को अधिक सक्रिय कर दिया है। विभाग ने इस अभियान के लिए 141 टीमों की ड्यूटी लगाई है। एंटी लारवा अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम लोगों को डेंगू से बचाव और रोकथाम के बारे में बता रही हैं। साथ ही जागरूकता के लिए पोस्टर भी वितरित कर रहे हैं।
शनिवार को एंटी लारवा अभियान और फीवर मास सर्वे के दौरान मलेरिया की जांच के लिए 297 आशंकित मरीजों की ब्लड स्लाइड बनाई। इनमें शहरी क्षेत्र में 66 और ग्रामीण क्षेत्र में 231 ब्लड स्लाइड बनाई।
डेंगू से बचाव के लिए जागरूकता अति आवश्यक है। एंटी लारवा अभियान और फीवर मास सर्वे में जुटी टीम डोर टू डोर लोगों को डेंगू से बचाव के लिए बरती जाने वाली एहतियात के बारे में जागरूक कर रही है। साथ ही उन्हें पोस्टर भी वितरित कर रहे हैं। आमजन से अपील है कि डेंगू से बचाव के लिए हर रविवार ड्राई-डे जरूर मनाएं।
- डॉ. संध्या गुप्ता, डिप्टी सिविल सर्जन।