बहल। एसआईटी की टीम ने 24 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी मामले में दो आरोपी महिलाओं सहित उनके एक साथी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पॉलिसी धारक से पॉलिसी मैच्योर होने पर लाभ देने का झांसा देकर रुपये ट्रांसफर करा लेते थे।
बहल पुलिस को गांव नूनसर निवासी रामनिवास ने शिकायत दी थी। शिकायत में उसने बताया कि 2018 में उसने खुद की व परिवार के सदस्यों का बीमा पॉलिसी कराई थी। चार मई 2021 को उसके मोबाइल पर एक कॉल आई। जिसमें आरोपी ने कहा कि उसकी बीमा पॉलिसी मैच्योर हो गई है और मैच्योरिटी का लाभ लेने के लिए एक फार्म पर हस्ताक्षर कर ईमेल कर दें। इस पर उसने कहे अनुसार फार्म पर हस्ताक्षर कर भेज दिए। इसी तरह फोन पर बोलने वाले ने उसे झांसे में लेकर अलग अलग चार्ज के नाम पर करीब 24 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर दी।
एसआईटी टीम के प्रशिक्षु उपनिरीक्षक सुमित कुमार ने ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले में दो आरोपी महिलाओं को दिल्ली से गिरफ्तार किया व एक अन्य आरोपी को सूरजपुर नोएडा से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की पहचान अंशु वासी मेरठ उत्तर प्रदेश, सौम्या वासी भरतपुर राजस्थान व आशुतोष वासी सूरजपुर नोएडा उत्तर प्रदेश के रूप में की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपी महिलाओं को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जिला कारागार भेजने के आदेश दिए हैं। जबकि आरोपी आशुतोष को पुलिस ने पांच दिन के रिमांड पर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी महिलाओं ने बताया कि वे दोनों पॉलिसी धारक से पॉलिसी का झांसा देकर फोन पर बातें कर पैसे ट्रांसफर करा रही थी। वहीं धोखाधड़ी से ट्रांसफर किए गए रुपये आरोपी आशुतोष के बैंक खाते में आया करते थे। इसके बाद आरोपी आशुतोष अपना कमीशन रखकर गिरोह के अन्य सदस्यों को रुपये ट्रांसफर कर दिया करता था।