बवानीखेड़ा (भिवानी)। गांव तिगड़ाना में पेयजल किल्लत को लेकर ग्रामीणों ने जलघर पर सोमवार को ताला जड़ दिया और मौके पर पहुंचे जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के जेई, एसडीओ और कार्यकारी अभियंता को भी बंधक बना लिया। सूचना पर सदर पुलिस थाना एसएचओ अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पिछले कई दिनों से पानी की आपूर्ति नियमित करने संबंधी शिकायत दी थी, लेकिन अधिकारी उनकी एक नहीं सुन रहे थे।
पेयजल के लिए गांव तिगड़ाना के ग्रामीणों का सोमवार को गुस्सा फूटा पड़ा और रोषस्वरूप गांव के पुराना जलघर को सुबह करीब 10 बजे ताला जड़कर विरोध जताया। इस दौरान गुस्साए ग्रामीणों ने विभाग के जेई, एसडीओ व एक्सईन को बंधक बनाया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सदर एसएचओ के आश्वासन पर ग्रामीणों ने बंधक बनाए गए अधिकारियों को करीब एक घंटे के बाद छोड़ा।
गांव तिगड़ाना के सरपंच सुरेंद्र ने बताया कि गांव में पिछले लंबे समय से निंगाना फीडर से पुराने जलघर तक पेयजल लाइन जोड़े जाने व पुराने जलघर के जर्जरहाल सभी टैंकों के सुधारीकरण की मांग कर रहे हैं। लेकिन अधिकारी उनकी मांगों को नजरअंदाज करते आ रहे हैं। जिसका खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की अनदेखी से परेशान ग्रामीणों को यह कदम उठाना पड़ा। उन्होंने कहा कि यदि निंगाना फीडर से पुराने जलघर तक पेयजल लाइन को जुड़वाया जाता है तो गांव तिगड़ाना की पेयजल किल्लत की समस्या का समाधान हो जाएगा। लेकिन जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों का इस और कोई ध्यान नहीं है। वही दूसरी तरफ पुराने जलघर के टैंक सभी जर्जरहाल में पड़े हैं तथा वहां पर झाड़ियां उगी हैं।
इसके चलते जो थोड़ी बहुत पानी की सप्लाई होती है, वो भी दूषित होती है। इसके चलते ग्रामीणों में बीमारी फैलने का भय बना हुआ है। सरपंच ने कहा कि यदि अब भी उनकी पेयजल संबंधी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो मजबूरन ग्रामीणों को इससे भी बड़ा कदम उठाने पर मजबूर होना पड़ेगा।
इस अवसर पर बीडीसी चेयरमैन सीताराम शर्मा, पार्षद कृष्ण, नवीन ठेकेदार, राजेश प्रधान, मैनपाल शेखावत, अनिल परमार, अशोक कारगिल, कर्णदीप काला सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
गांव तिगड़ाना में ग्रामीणों की ओर से जलघर को ताला लगाए जाने की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे थे। ग्रामीणों को विभाग की तरफ से आश्वासन दिया गया है कि चार दिन में नाला निर्माण का एस्टीमेट तैयार कर दिया जाएगा। इसके बाद जल्द से जल्द उनकी मांग पूरी कर दी जाएगी। इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जलघर का ताला खोल दिया था। -सतीशचंद्र, एसडीओ, पेयजल शाखा, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग भिवानी।