भिवानी। त्योहारी सीजन में बाजारों में बिक्री बढ़ गई है। इसी के साथ शहर के मुख्य बाजारों में दुकानों के आगे भी स्टॉले सज गई हैं। लोग भी त्योहार के दौरान सामान की खरीददारी के लिए जुट रहे हैं। रोजाना ही शहर के बाजारों में करोड़ों का कारोबार हो रहा है। ऐसे में नगर व्यापार मंडल की तरफ से भी बाजारों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
शहर के सराय चौपटा, घंटाघर, हांसी गेट, किरोड़ीमल मंदिर, कपड़ा बाजार के अलावा शहर में करीब 25 से अधिक ऐसी मार्केट हैं, जहां रोजाना ही लाखों का कारोबार होता है। इन जगहों पर सुरक्षा सिर्फ सीसीटीवी कैमरों के सहारे ही हो रही है। ये सीसीटीवी कैमरे भी दुकानों के अंदर ही हैं जबकि बाहर इनकी लोकेशन नहीं है।
ऐसे में त्योहार के दौरान बाजारों की सुरक्षा को लेकर भी व्यापार मंडल ने जिला प्रशासन से अहम कदम उठाने की गुजारिश की है। वहीं शहर के कपड़ा, रेडिमेड, इलेक्ट्रॉनिक सामान, मोबाइल और ऑटोमोबाइल बाजार में अब तेजी आ गई है। नवरात्र के दौरान भी लोगों ने जमकर खरीदारी की है। ऐसे में दीवाली से पहले और आसपास भी बाजारों में करोड़ों के कारोबार के आसार है।
शादियों के सीजन की शुरूआत होने की वजह से सर्राफा बाजार में भी तेजी आएगी। बता दें कि शहर में पुलिस प्रशासन की तरफ से बाजारों के अंदर त्योहारी सीजन को लेकर अभी नाकाबंदी व बैरिकेडिंग नहीं की है। हालांकि पुलिस पीसीआर और रायडर की नियमित गश्त ही है। जबकि त्योहार के दौरान बाजारों में अतिरिक्त सुरक्षा बढ़ाने की मांग भी व्यापारी कर रहे हैं।
नगर व्यापार मंडल की तरफ से जिला व पुलिस प्रशासन की ओर से शहर के मुख्य बाजारों में सुरक्षा बढ़ाए जाने की मांग की गई है। व्यापारी बिना किसी भय के व्यापार कर सके, ऐसा प्रबंध जिला प्रशासन व सरकार की ओर से किया जाना जरूरी है। हर साल व्यापारियों के साथ हादसे होते हैं, इनसे बचाव के लिए समय रहते ही पुख्ता प्रबंध जरूरी हैं। त्योहार के दौरान देर रात तक बाजार खुले रहते हैं, ऐसे में सभी बाजारों में पुलिस सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था जरूरी है।
-भानुप्रकाश शर्मा, अध्यक्ष, नगर व्यापार मंडल भिवानी।