फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भिवानी-हांसी, भिवानी-जींद व भिवानी-हिसार के लिए नहीं चली प्राइवेट बसें

विज्ञापन
बस स्टैंड पर खड़ी बसें। संवाद - फोटो : Bhiwani
विज्ञापन
भिवानी/बवानीखेड़ा। गांव जाटू लुहारी में वीरवार ररात हुए सड़क हादसे के बाद लोगों के विरोध के चलते शुक्रवार को भिवानी-हांसी, भिवानी-जींद व भिवानी-हिसार रूट पर प्राइवेट बसों का संचालन नहीं हुआ। निजी बसें नहीं चलने से यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रोडवेज को इन रूटों पर करीब 12 अतिरिक्त बसों का भी संचालन करना पड़ा।
विज्ञापन

रोडवेज कर्मचारियों ने भी इस दुर्घटना के विरोध में शोकसभा आयोजित की और प्राइवेट बस चालकों के लाइसेंस जांच की मांग उठाई। दूसरी ओर शुक्रवार को जिला नागरिक अस्पताल में सड़क हादसे में मरने वाले तीन मृतकों का पोस्टमार्टम हुआ। घायल जितेंद्र की शिकायत पर प्राइवेट बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज हुआ है। मृतकों में दो महिलाएं व एक पुरुष हैं।
भिवानी-हांसी मुख्य मार्ग पर जाटू लुहारी के समीप वीरवार शाम करीब सवा सात बजे हुए सड़क हादसे में 60 वर्षीय भूतपूर्व सैनिक राजबीर सिंह भिवानी से बवानीखेड़ा जा रहा था। राजबीर भिवानी की बैंक कॉलोनी में अपना मकान बनवा रहा था। इसलिए आमतौर पर वह गांव से शहर आता जाता था। वीरवार को भी अंतिम बस से वह अपने गांव बवानीखेड़ा लौट रहा था। इसी दौरान सड़क हादसे में उसकी मौत हो गई। राजबीर के दो लड़के हैं। वहीं सड़क हादसे में मृतक 45 वर्षीय बीरमती चरखी दादरी जिले के गांव सरूपगढ़ की रहने वाली थी। बीरमती वीरवार दोपहर बाद अपने गांव स 23 वर्षीये बेटे सचिन के साथ अपने मायके हांसी जा रही थी। वह गांव से बस में पहले भिवानी पहुंची थी और फिर भिवानी से हांसी की निजी बस में बेटे के साथ सवार हुई थी। सड़क हादसे में उसकी मौत हो गई, जबकि उसका बेटा सचिन गंभीर रूप से जख्मी हो गया। बीरमती के चार बच्चे दो लड़के और दो लड़कियां हैं। बीरमती का पति पूर्व सैनिक है। वहीं बवानीखेड़ी निवासी 50 वर्षीय कृष्णा भी इसी बस में सवार होकर भिवानी से बवानीखेड़ा जा रही थी। कृष्णा को भी चिकित्सकों ने अस्पताल पहुंचते ही मृत घोषित किया था। इसी सड़क हादसे में करीब 15 से 20 लोग भी घायल हुए हैं, जिनका अलग अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
विज्ञापन

गर्मी में यात्रियों को भी हुई बसों को लेकर परेशानी
निजी बस चालक की लापरवाही से हुए हादसे के बाद शुक्रवार को भिवानी-हांसी, भिवानी-जींद व भिवानी-हिसार रूट पर प्राइवेट परमिट की बसों का पहिया थमा रहा। इन रूटों पर कोई भी प्राइवेट बस नहीं चली। रोजाना औसतन इन रूटों पर प्राइवेट बसें 30 से 40 चक्कर लगाती हैं। प्राइवेट बसें बंद होने से यात्री सुविधाओं की पूरी जिम्मेदारी रोडवेज बसों पर आ टिकी। गर्मी में यात्रियों को बसों के लिए काफी इंतजार करना पड़ा, वहीं स्थानीय रोडवेज अधिकारियों ने इन रूटों पर करीब 12 से 14 अतिरिक्त बसों का भी संचालन किया, जबकि पहले से निर्धारित शेड्यूल के हिसाब से भी बसें चलीं। प्राइवेट बस संचालकों को अंदेशा था कि इस हादसे से गुस्साए ग्रामीण उनकी बसों को नुकसान न पहुंचा दें।
घायल जितेंद्र के बयान पर दर्ज हुआ चालक पर केस
गांव जाटूलुहारी निवासी 24 वर्षीय जितेंद्र के बयान दर्ज कर बवानीखेड़ा पुलिस ने निजी बस के चालक गांव प्रेमनगर निवासी सुरेश के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज किया है। जितेंद्र ने बताया कि वह शहर की एक लाइब्रेरी में नौकरी की तैयारी कर रहा है। शाम को भी गांव लौट रहा था कि इसी दौरान भिवानी से हांसी की तरफ जाने वाली बस में सवार हो गया। चालक काफी लापरवाही और तेज रफ्तार से बस चला रहा था। इस संबंध में कई सवारियों ने उसे टोका भी था। मगर वह नहीं माना। जाटूलुहारी के समीप बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई और बस के परखच्चे उड़ गए। बवानीखेड़ा पुलिस ने प्राइवेट बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज किया है।
परिवहन समिति बसों की कमान नौसिखिये चालकों के हाथों में
बस स्टैंड पर शुक्रवार को हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन के डिपो प्रधान अजीत कालुवास की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में जाटूलुहारी सड़क हादसे में मृतकों की आत्मिक शांति और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। बैठक में राज्य वरिष्ठ उपप्रधान नरेंद्र दिनोद ने सहकारी परिवहन समिति बसों की कमान नौसिखिये चालकों के हाथों में होने का आरोप लगाया। वहीं उन्होंने आरटीए कार्यालय द्वारा प्राइवेट बसों के चालकों की चालक लाइसेंस की जांच की मांग भी उठाई। नरेंद्र दिनोद ने कहा कि अगर किसी प्राइवेट बस चालक का लाइसेंस वैध नहीं मिलता है तो फिर उस समिति की बस का परमिट तुरंत प्रभाव से रद्द किया जाना चाहिए। इसी के साथ उन्होंने रोडवेज बेड़े में 50 हजार नई बसें व युवाओं को रोजगार देने की भी सरकार से मांग की। बैठक में जयसिंह तालु, संजय सांगवान, राज सिंह बडेसरा, सुरेश बडेसरा, प्रदीप बजीना, सोनू, पवन कितलाना, अनिल बामला, सुनील उपस्थित थे।
संस्था ने रक्त कराया मुहैया
रक्त दें, वक्त दें सोसाइटी और आर्यावर्त ब्लड कमांडो की टीम ने गुरुवार को हुए हादसे में घायलों को 16 यूनिट रक्त भिवानी में उपलब्ध कराया। इसके अलावा संस्था के सदस्यों ने रोहतक पीजीआई में भी पहुंचकर गंभीर रूप से घायलों को रक्त मुहैया कराया। रक्त दें वक्त दें संस्था के सदस्य राजेश कुमार डुडेजा और आर्यावर्त ब्लड कमांडो से मनीष वर्मा न बताया कि इसमें रोहतक रेडक्रॉस सचिव देवेंद्र चहल सहित रोहतक टीम की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नहीं चली प्राइवेट बस
शुक्रवार को भिवानी-हांसी, हिसार व जींद रूट पर कोई भी प्राइवेट बस नहीं चली। इसके लिए रोडवेज प्रशासन ने इन रूटों पर करीब 12 से 14 अतिरिक्त बसों का संचालन किया। किसी भी यात्री को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं होने दी।
- जयसिंह, ड्यूटी इंचार्ज, बस स्टैंड भिवानी।
तीनों शव वारिसों को सौंप दिए
शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। तीनों शव वारिसों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस ने घायल जितेंद्र के बयान पर प्राइवेट बस चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन में जुटी है।
विज्ञापन

- हरिओम, एसएचओ, बवानीखेड़ा पुलिस थाना।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें