लावारिश पशुओं को पकड़कर ट्रैक्टर-ट्राली में चढ़ाते नगर परिषद कर्मचारी। संवाद
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। शहर में 25 से 27 फरवरी तक राज्य स्तरीय पशु प्रदर्शनी होगी। इसमें राज्यपाल, मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री भी आएंगे। कार्यक्रम में किसी प्रकार का व्यवधान न हो, इसलिए नगर परिषद ने शहर को लावारिस पशुओं से मुक्त का अभियान भी अब तेज कर दिया है।
नगर परिषद ने लावारिस पशु पकड़ने का ठेका दिया है। ठेकेदार के कारिंदे अब तक शहर के विभिन्न हिस्सों में करीब 550 से अधिक लावारिस पशु पकड़कर नंदीशाला में छोड़ चुके हैं।
भिवानी शहर में पांच हजार से अधिक लावारिस पशु शहरवासियों के लिए सिरदर्द बने हैं। नगर परिषद ने लावारिस पशुओं के लिए नंदीशाला भी बनाई हुई हैं। जिसमें पहले से ही करीब साढ़े आठ सौ से अधिक नंदी यहां रखे हुए हैं। इससे अधिक नंदियों को यहां रख पाना संभव नहीं हो रहा है तो कई गोशाला प्रबंधकों से नंदियों को रखने की व्यवस्था कराई गई है। भिवानी के सेक्टर 13 ग्राउंड में 25 से 27 फरवरी तक राज्य स्तरीय पशु प्रदर्शनी भी लगेगी। पशु प्रदर्शनी से पहले ही ठेकेदार को अधिक से अधिक लावारिस पशुओं को शहर से पकड़कर उन्हें नंदीशाला में छोड़ने का दबाव भी आ पड़ा है। इसी के चलते बुधवार को बासिया भवन के सामने लघु सचिवालय की तरफ जाने वाले मार्ग पर हुडा सिटी सेंटर की खाली जगह से लावारिस पशुओं को पकड़ा गया। इस दौरान कई लावारिस पशु तो टीम को देखकर आक्रामक भी हो गए। जिसकी वजह से आसपास पैदल जा रहे राहगीर भी भयभीत हो गए और अपनी जान बचाने के लिए रास्ते से हट गए। ठेकेदार के कारिंदों ने लावारिस पशुओं को घेरकर उन्हेें काबू किया और फिर स्पेशल वाहन के अंदर बंद कर दिया। गौरतलब होगा कि नगर परिषद ने शहर से करीब 900 लावारिस पशुओं को पकड़ने का ठेका दिया हुआ है। ठेकेदार के कारिंदे अब तक पूरे शहर से करीब 550 लावारिस पशुओं को पकड़ चुके हैं।
पशुओं के लिए नंदीशाला में किए इंतजाम
शहर से लावारिस पशुओं को पकड़ने का अभियान चल रहा है। नगर परिषद ने इसके लिए ठेका दिया हुआ है। शहर से पकड़े गए लावारिस पशुओं के लिए नंदीशाला में भी इंतजाम किए गए हैं, जबकि गोशाला प्रंबंधकों से भी मदद ली जा रही है।
-सुरेंद्र सांगवान, म्यूनिसिपल इंजीनियर, नगर परिषद भिवानी।