भिवानी। त्योहारी सीजन में शहर के अंदर बाजारों में भीड़ बढ़ने के साथ ही जाम की स्थिति से निपटने की योजना फेल हो गई है। क्योंकि शहर के अंदर निर्धारित की गई पार्किंग पर दुकानदारों का कब्जा हो गया है। वहीं नोपार्किंग जोन में वाहन खड़े हो रहे हैं। इतना ही नहीं पार्किंग स्थल पर सजे स्टॉलों की वजह से यातायात व्यवस्था भी बिगड़ गई हैं, जिसकी वजह से जाम के हालात बन रहे हैं।
दरअसल दीपावली के त्योहार से पहले ही जिला व पुलिस प्रशासन ने शहर के अंदर वाहनों की वजह से जाम से निजात पाने की योजना बनाई थी। बाजारों में लोगों की भीड़ ज्यादा बढ़ गई है, इस वजह से सरकुलर रोड पर जाम भी लग रहा है। इसी को देखते हुए डीसी व एसपी ने शहर के बाजारों का निरीक्षण कर पार्किंग और नो पार्किंग जोन बनाए थे। लेकिन प्रशासन की इस व्यवस्था का दुकानदारों पर कोई असर नहीं पड़ा। वहीं शहर की फुटपाथों पर भी अतिक्रमण बढ़ने के कारण बाजारों में पैदल चलने वालों को भी काफी परेशानी हो रही है। जबकि बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोग भी अपनी गाड़ियों को इधरउधर पार्क कर चले जाते हैं, जिसकी वजह से सरकुलर रोड की सड़क पर भी दिनभर जाम लगा रहता है। हालांकि ट्रैफिक पुलिस ऐसे वाहनों के चालान भी काट रही है। इसके बावजूद नो पार्किंग जोन में वाहनों को खड़े करने से रोकने के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। लोग अपनी मर्जी से वाहनों को पार्क कर घंटों तक गायब रहते हैं, जबकि ये वाहन रास्ता जाम करने के साथ साथ फुटपाथ पर पैदल चलने वालों के लिए भी सिरदर्द बन चुके हैं।
ये हैं नो पार्किंग जोन
जिला प्रशासन की तरफ से त्योहारी सीजन के दौरान शहर के हांसी गेट से इंप्रूवमेंट ट्रस्ट मार्केट, हांसी गेट से बासिया भवन तक, हांसी गेट से घंटाघर तक, दिनोद गेट से देवसर चुंगी तक, झंकार मोड़ से महम गेट तक, महम गेट से रोहतक गेट तक, दादरी गेट के आसपास नो पार्किंग जोन निर्धारित किया गया है। यहां पर फुटपाथ पर कोई भी वाहन नहीं खड़े किए जा सकते हैं, लेकिन हो रहा है उलट, यहीं पर सबसे अधिक वाहन पार्किंग किए गए हैं।
ये है पार्किंग जोन
किरोड़ीमल पार्क, नागरिक अस्पताल परिसर की दीवार के साथ, महम गेट से बड़ चौक तक सड़क के दोनों तरफ, पुराना बस स्टैंड का पार्किंग एरिया, सिविल लाइन पुलिस थाना की तरफ पार्किंग की जगह वाहनों को खड़े करने के लिए निर्धारित की हुई है।
अतिक्रमण हटाने का भी नहीं हो रहा कोई असर
ट्रैफिक पुलिस और नगर परिषद शहर के फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए अभियान चला रहे हैं, मगर इस अभियान का भी कोई असर नहीं हो रहा है। अतिक्रमण दस्ते के आगे बढ़ते ही फिर से फुटपाथ पर स्टॉल और सामान सज जाता है, जबकि सरकुलर रोड के दोनों तरफ की फुटपाथ पर कुछ लोगों ने अवैध तरीके से रैंप और चबूतरे भी निर्माण कर स्थायी कब्जे किए हुए हैं। जिन्हें हटाने की दिशा में प्रशासन ने अभी तक कोई कदम नहीं उठाया है। फुटपाथ पर ही जनरेटर (डीजी सेट) लगाए हुए हैं, जो पूरी की पूरी फुटपाथ को घेरे हुए हैं।
चालान किया जाएगा
त्योहारी सीजन के दौरान जिला और पुलिस प्रशासन के निर्देश पर अतिक्रमण हटाया जा रहा है। नो पार्किंग जोन में अगर कोई वाहन खड़े करता है तो ऐसे वाहनों का ऑनलाइन ही वाहन मालिकों के पास चालान भेजा जाएगा। सभी दुकानदारों को अपने निर्धारित दायरे में ही सामान रखने की इजाजत है।
-विक्रांत सिंह, एसएचओ, ट्रैफिक पुलिस थाना भिवानी।