भिवानी में वारदात स्थल पर जांच करने पहुंचे एएसपी लोगेश और अन्य पुलिस कर्मचारी।
बवानीखेड़ा। गांव बलियाली के हंस फिलिंग स्टेशन मालिक एडवोकेट सुरेंद्र हंस के बेटे जोत प्रकाश के साथ शनिवार रात हुई मारपीट और लूट की वारदात को लेकर जिला पुलिस गंभीर है। अपराध का तरीका देखने के लिए एएसपी लोगेश कुमार बुधवार को मौके पर पहुंचे और वारदात को अंजाम देने वालों की धरपकड़ के प्रयास तेज करने के निर्देश दिए।
पेट्रोल पंप मालिक के बेटे को 12 जनवरी रात घर जाते समय दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए पांच अज्ञात नकाबपोश युवकों ने डंडों से पीट दिया था। वह मोटरसाइकिल की डिग्गी में रखे 60,000 रुपये लूट कर ले गए थे।
बवानीखेड़ा और बलियाली में पिछले दिनों में एक ही तरीके से हुईं डकैती की दो घटनाओं की जांच की जा रही है। मामले की जांच के लिए बुधवार शाम जिले के एएसपी लोगेश कुमार घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने गहनता से निरीक्षण कर जांच अधिकारी सुरेश कुमार को कई निर्देश दिए। उन्होंने पीड़ित के परिजनों को शीघ्र खुलासे का आश्वासन दिया।
कुछ सप्ताह पहले भी मोटरसाइकिल पर सवार होकर शाम को आए तीन अज्ञात नकाबपोश युवकों ने छाती को बवानीखेड़ा की भवानी गैस एजेंसी के डिलिवरी बॉय को पंच मार कर 45,000 रुपये लूट लिए थे। कस्बे के बाजार में लगे सीसीटीवी फुटेज में मोटरसाइकिल पर जाते आरोपियों को देखा गया था। अब बलियाली में जोत प्रकाश को भी बल प्रयोग कर लूटा गया है।
इन घटनाओं की जांच के लिए बुधवार शाम भिवानी जिले के एएसपी लोगेश कुमार, जांच अधिकारी सुरेश कुमार पुलिस टीम सहित सुई बलियाली रोड पर पहुंचे। घटना स्थल पर पहुंच एएसपी ने पेट्रोल पंप मालिक के बेटे जोत प्रकाश सहित आसपास खेतों और डेयरी में रहने वाले लोगों से भी घटना के बारे में जाना। बवानीखेड़ा में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ डकैती का मामला दर्ज होने पर वहां के थाना प्रभारी संजय कुमार ने भी घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की।