भिवानी। ट्रैफिक पुलिस ने नगर परिषद की टीम के साथ बुधवार को शहर के हांसी गेट से घंटाघर होते हुए जैन चौक तक दुकानों के आगे से स्टॉल हटवाकर रास्ता साफ करवाया। इस दौरान नगर परिषद की जेसीबी ने फुटपाथ पर स्थायी अतिक्रमण हटाया गया और सड़क पर रखे सामान को जब्त कर लिया गया। इस कार्रवाई के दौरान नप कर्मचारियों के साथ कुछ लोगों ने बहस भी की। कर्मचारियों ने बाजार में खड़े किए गए वाहनों को भी जब्त कर लिया। वहीं, बाजारों से टीम के जाते ही स्टॉल फिर से सड़क पर लग गए।
ट्रैफिक पुलिस थाना एसएचओ विक्रांत सिंह ने नगर परिषद के सफाई निरीक्षक संजय कुमार के साथ मिलकर शहर के हांसी गेट से अभियान शुरू किया। संयुक्त टीम घंटाघर से होते हुए जैन चौक तक पहुंची। फुटपाथ पर रखा सामान, मेज और पीली पट्टी के बाहर खड़े दुपहिया वाहनों को ट्रॉली में डाल लिया गया। हांसी गेट से घंटाघर तक भी कई फूल डेकोरेटर के खोखे टीम ने जब्त किए। अतिक्रमण हटाने के दौरान कई जगह नगर परिषद कर्मचारियों के साथ दुकानदार उलझ बैठे तो कइयों ने मेज वापस देने के लिए हाथ जोड़े। अभियान के दौरान ट्रैफिक एसएचओ विक्रांत सिंह, सफाई निरीक्षक संजय कुमार, सफाई दरोगा पुरुषोत्तम दानव, ट्रैफिक पुलिस थाने के सब इंस्पेक्टर रामनिवास, बलजीत और नगर परिषद के कई कर्मचारी मौजूद रहे।
जारी रहेगा अभियान
जिला और पुलिस प्रशासन की ओर से शहर के बाजारों में नो पार्किंग जोन बनाए गए हैं। लोगों से अपील है कि वो नियमों को न तोड़ें और व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें। ट्रैफिक पुलिस और नगर परिषद ने बुधवार को नो पार्किंग जोन में अतिक्रमण हटाने के लिए स्पेशल अभियान चलाया है। ये अभियान अभी जारी रखा जाएगा।
- विक्रांत सिंह, एसएचओ ट्रैफिक पुलिस थाना भिवानी।
फुटपाथ पर न करें अतिक्रमण
शहर में फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर परिषद की टीम ने ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर अभियान चलाया है। दुकानों के बाहर रखा गया सामान जब्त किया गया है। जो भी सामान जब्त किया है, उसे जुर्माना भरने के बाद लौटाया जाएगा। लोगों से फुटपाथ पर अतिक्रमण नहीं किए जाने का भी अनुरोध किया जा रहा है।
- संजय कुमार, सफाई निरीक्षक, नगर परिषद भिवानी।