भिवानी। अब रेलवे फाटक करीब 12 से अधिक कॉलोलियों के लोगों के रास्ते की बाधा नहीं बनेगा, क्योंकि रेलवे ने शहर में पहला रेलवे अंडरपास (आरयूबी) का निर्माण शुरू करा दिया है। तोशाम बाईपास रेलवे फाटक पर आरयूबी का काम चल रहा है। उम्मीद है कि अगले एक माह में आरयूबी बनकर तैयार हो जाएगा।
इसके बाद आसपास के कॉलोनी के लोगों को आवागमन में कोई दिक्कत नहीं होगी। फिलहाल तोशाम बाईपास से खरकड़ी मार्ग पर दो रेलवे फाटक हैं। डबल रेलवे फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण भी चल रहा है। रेलवे ओवरब्रिज सिर्फ तोशाम बाईपास पर बनेगा, जबकि करीब एक किलोमीटर लंबे इस पुल के नीचे की घनी आबादी के लोगों के लिए आरयूबी आवागमन का एक बेहतर विकल्प भी बनेगा।
शहर के अंदर 90 के दशक से ही रेलवे लाइनपार की कॉलोनी के लोगों के लिए आरयूबी की मांग उठती रही है। पहले जीतुवाला रेलवे फाटक पर भी आरयूबी की मांग रखी गई थी। मगर यहां भूमिगत जलस्तर ऊंचा होने के कारण यहां पर अंडरपास बनाने का मसौदा 2018 में ही रद्द हो चुका था। इसके बाद रेलवे ने शहर में कई सालों तक कोई आरयूबी नहीं बनाया। अब रेलवे ने भिवानी-हिसार रेल मार्ग पर तोशाम रेलवे फाटक पर आरयूबी का निर्माण शुरू करा दिया है। रेलवे ने आरयूबी का करीब आधा काम भी पूरा कर दिया है। रेलवे ट्रैक के नीचे ब्लॉक लगाने का काम भी हो चुका है, क्योंकि यह कार्य ही सबसे अहम माना जाता है। ब्लॉक लगाने के बाद भिवानी-हिसार रेलमार्ग की रेल यातायात सुविधाओं पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा, जबकि आरयूबी के दोनों सिरों पर अब निर्माण काम शुरू किया जाएगा।
जागृति कॉलोनी में भी आरयूबी की जरूरत, रेलवे को भेजी है मांग
दैनिक रेल यात्री जनकल्याण संघ और जागृति कॉलोनी क्षेत्र के लोग भी रेलवे को कई बार आरयूबी की मांग भेज चुके हैं। शहर के बीटीएम मिल के समीप से रेलवे लाइनपास जागृति कॉलोनी के लिए आरयूबी बनाए जाने की जरूरत है, क्योंकि यह बड़ी कॉलोनी एक तरफ जूई नहर दूसरी तरफ टीआईटी मिल और तीसरी तरफ रेलवे लाइन से घिरी है। कॉलोनी 1987 में आबाद हुई थी, अब यहां घनी आबादी है।
इन कॉलोनियों को मिलेगा फायदा
अंडरपास बनने से हांसी रोड की देवनगर कॉलोनी, लाजपत नगर, जागृति नगर, महाराणा प्रताप कॉलोनी, उत्तमनगर, संजीव कॉलोनी, कच्ची कॉलोनी के करीब 35 हजार लोगों की आबादी को इसका सीधा फायदा मिलेगा। हांसी रोड की तरफ से और शहर के तोशाम बाईपास की तरफ से भी लोग बिना रेलवे फाटक की बाधा के आवागमन कर सकेंगे। साथ ही गांव खरकड़ी और तोशाम बाईपास की करीब आधा दर्जन कॉलोनियों को भी इसका फायदा मिलेगा।
एक माह में पूरा होगा काम
भिवानी-हिसार रेलमार्ग पर रेलवे द्वारा आरयूबी का निर्माण कराया जा रहा है। इस पर करीब दो करोड़ संभावित बजट खर्च होगा। यह कार्य करीब एक माह में पूरा हो जाएगा, जिसके बाद क्षेत्र के लोगों के लिए इसे शुरू कर दिया जाएगा।
-जीके गुप्ता, स्टेशन अधीक्षक भिवानी।
जागृति कॉलोनी के लिए भी बने आरयूबी
रेलवे शहर में पहले आरयूबी का निर्माण करा रहा है। हमारी मांग है कि जागृति कॉलोनी के लोगों के लिए भी बीटीएम मिल छोर से आरयूबी बनाया जाए। इसके लिए बीकानेर रेलमंडल के अधिकारियों को भी मांग की गई है। तोशाम बाईपास रेलवे फाटक पर आरयूबी बनने से लोगों को रेल पटरी पार करने का जोखिम नहीं उठाना पड़ेगा। यह उनके लिए बहुत बड़ी सुविधा होगी।
-महाबीर डालमिया, प्रधान, दैनिक रेल यात्री एवं जनकल्याण संघ भिवानी।