कैंप में प्रॉपर्टी आईडी में आई त्रुटियों को ठीक करवाते लोग।
भिवानी। एचसीवीपी सेक्टर 13 के सामुदायिक केंद्र में शुक्रवार को नगर परिषद की ओर से प्रॉपर्टी आईडी के स्वयं सत्यापन के लिए लगाए गए कैंप में काफी लोग अपनी प्रॉपर्टी आईडी लेकर पहुंचे। इसमें जांच के दौरान किसी की पीआईडी के नाम में गलती तो किसी पीआईडी में रिहायशी मकान का क्षेत्रफल ही कम दर्शाया हुआ मिला।
इसके बाद नगर परिषद कर्मचारियों ने प्रॉपर्टी मालिक के सभी दस्तावेजों के साथ उसकी पीआईडी का स्वयं सत्यापन कराकर उसे दुरुस्त किया। सेक्टर के लोगों का रुझान देखते हुए नगर परिषद ने वार्ड दो के पार्षद संदीप यादव के अनुरोध पर दो दिन यानी शनिवार और रविवार के लिए भी बढ़ा दिया है। अब छुट्टी के दिन भी दो दिवसीय कैंप में सेक्टरवासी यहां आकर अपनी प्रॉपर्टी आईडी की गलतियां दुरुस्त करा स्वयं सत्यापन करा सकते हैं।
शुक्रवार को वार्ड दो के तहत आने वाले लोगों की पीआईडी में त्रुटियों को दूर करने के लिए पार्षद संदीप यादव की अगुवाई में सेक्टर-13 के सामुदायिक केंद्र में शिविर का आयोजन किया गया। शुक्रवार को आयोजित पीआईडी दुरुस्त करने के शिविर में लोगों की अच्छी खासी भीड़ उमड़ी। लोगों ने पार्षद संदीप यादव से दो दिन ओर सेक्टर 13 में पीआईडी दुरुस्त करवाने के शिविर का आयोजन किए जाने की मांग की। जिस पर पार्षद संदीप ने डीएमसी नगरपरिषद से दो दिन अतिरिक्त पीआईडी दुरुस्त करने का शिविर लगवाने जाने की गुजारिश की। इस पर डीएमसी ने तत्काल हां कर दी। अब शनिवार व रविवार को सेक्टर 13 में पीआईडी दुरुस्त करने का शिविर आयोजित किया जाएगा।
पार्षद संदीप यादव ने बताया कि शिविर में जिस भी व्यक्ति की संपत्ति के नाम व अन्य तथ्यों में कोई त्रुटि हो तो उसको तत्काल दूर करवाया गया। ताकि भविष्य में किसी तरह की प्रोपर्टी के नाम व अन्य तथ्यों में कोई छेड़खानी न हो पाए। इसमें लोगों की प्रॉपर्टी से संबंधित सारी समस्याओं का निपटारा करवाया जाएगा। इस मौके पर पार्षद सुभाष तंवर, एमई सुरेंद्र सांगवान, अशोक सांगवान, जगदीप यादव, राकेश पंवार, महेंद्र सोनी आदि मौजूद थे।