भिवानी। रोहतक रोड से दादरी और लोहारू रोड को जोड़कर करीब 13 किलोमीटर लंबा बाईपास जल्द बनकर तैयार हो जाएगा। दादरी से लोहारू रोड को जोड़ने वाली करीब तीन किलोमीटर लंबी सड़क पर 10 करोड़ रुपये की परियोजना पर काम भी शुरू हो गया है। इस बाईपास के निर्माण के बाद शहर को जाम से निजात मिलेगी वहीं दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा व पंजाब से महाराष्ट्र और मुंबई तक जाने वाले माल ढुलाई वाहनों का आवागमन भी आसान होगा। रोहतक रोड के निनान से दादरी रोड तक 9.221 किलोमीटर लंबी सड़क बनकर तैयार हो चुकी है। इस पूरे बाईपास को जोड़ने के लिए तीन किलोमीटर लंबी परियोजना पर अब काम शुरू हुआ है।
भिवानी नेशनल हाईवे के अंतर्गत आने वाले रोहतक रोड के निनान गांव से दादरी रोड पर हालुवास के समीप बाईपास की सड़क जुड़ जाएगी। इसी के साथ दादरी रोड को लोहारू रोड से जोड़ने के लिए भी करीब तीन किलोमीटर लंबा बाईपास के निर्माण का काम शुरू हो गया है। इस परियोजना से रोहतक रोड से दादरी रोड व लोहारू रोड करीब 13 किलोमीटर लंबे बाईपास के जरिये सीधा जुड़ जाएगा। जिसके बाद वाहनों को भिवानी शहर में आने की जरूरत नहीं होगी। इन शहरों व दूसरे राज्यों तक जाने वाले वाहनों को भिवानी की सड़कों के जाम में फंसने से भी निजात मिलेगी वहीं कम समय में अधिक दूरी का सफर भी आसानी से तय हो जाएगा।
करीब दो साल पहले शुरू हुआ था काम
रोहतक रोड के खरड़ी मोड़ से लेकर गांव निनान तक 24 किलोमीटर 596 मीटर लंबी सड़क का निर्माण का काम दो साल पहले शुरू हुआ था। अब ये सड़क बनकर तैयार हो चुकी है। रोहतक रोड पर गांव निनान से लेकर दादरी रोड तक 9 किलोमीटर 221 मीटर लंबी सड़क भी बन चुकी है। बाईपास पर सिर्फ 87 मीटर लंबी सड़क रेलवे क्रॉसिंग की वजह से बननी बाकी है। इसकी कनेक्टिविटी होने के साथ ही रोहतक से दादरी रोड का बाईपास के जरिये जुड़ाव हो जाएगा। इस परियोजना पर 169.31 लाख रुपये का बजट भी खर्च हुआ।
वर्जन
शहर के बाईपास निर्माण पर काम चल रहा है। दादरी और लोहारू रोड को जोड़ने के लिए करीब तीन किलोमीटर की परियोजना पर भी काम शुरू हो गया है। इस पर करीब दस करोड़ की लागत आएगी। ये काम आगामी एक साल में पूरा होगा। निनान से दादरी रोड को जोड़ने के लिए रेलवे क्रॉसिंग की कनेक्टिविटी को लेकर भी बातचीत चल रही है, इस काम को भी जल्द पूरा किया जाएगा।
- प्रवीन सहरावत, एसडीओ, एनएच भिवानी।